भाजपा जनकल्याण मंच के पदाधिकारियों ने की भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता से मुलाकात
भाजपा जनकल्याण मंच द्वारा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित विशाल जनसभा बार की कई तैयारियों की जानकारी दी ।
जनसभा को ऐतिहासिक बनाने के लिए बनी व्यापक रणनीति
नरवाना/ 10 जुलाई 2026 /नरेन्द्र जेठी
आगामी 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित कार्यक्रम के अंतर्गत नरवाना रेलवे स्टेशन के पुनर्विकसित स्वरूप का उद्घाटन तथा क्षेत्र की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ भी प्रस्तावित है।
इससे नरवाना एवं आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को आधुनिक सुविधाएँ प्राप्त होंगी तथा क्षेत्र के व्यापार, उद्योग एवं आवागमन को नई गति मिलेगी। भाजपा जनकल्याण मंच के पदाधिकारी आगामी 17 जुलाई को जींद में आयोजित होने वाली माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित विशाल जनसभा की तैयारियों को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता से मिले और भाजपा जनकल्याण मंच द्वारा की कई तैयारियों की जानकारी दी ।
भाजपा जनकल्याण मंच के प्रदेश अध्यक्ष अशोक तिलकधारी, प्रदेश महामंत्री अशोक मेहरा तथा भाजपा कार्यकर्ता राजेन्द्र ग्रोवर विशेष रूप से उपस्थित रहे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने सभी तैयारियों की जानकारी लेते हुए आगामी 17 जुलाई तक और मेहनत करने और अधिक प्रचार करने के लिए कहा ।
भाजपा जनकल्याण मंच के प्रदेश अध्यक्ष अशोक तिलकधारी ने आज यहां बताया कि इस मलाकात मुख्य उद्देश्य आगामी 17 जुलाई को जींद में आयोजित होने वाली माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित विशाल जनसभा की तैयारियों की समीक्षा करना, संगठनात्मक रणनीति तैयार करना तथा प्रदेशभर में कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था।
उन्होने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हरियाणा आगमन को प्रदेश के लिए गौरव और उत्साह का विषय बताते हुए सभी पदाधिकारियों ने इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की सफलता के लिए जनसंपर्क अभियान, प्रचार-प्रसार, परिवहन व्यवस्था, स्वयंसेवकों की नियुक्ति तथा जिला स्तर पर लगातार बैठकों के आयोजन पर विस्तार से चर्चा की गई।
भाजपा जनकल्याण मंच के प्रदेश अध्यक्ष अशोक तिलकधारी ने कहा कि प्रदेश के सभी जिला अध्यक्षों की शीघ्र बैठक आयोजित की जाएगी, ताकि प्रत्येक जिले की तैयारियों की समीक्षा की जा सके। प्रत्येक जिले से लगभग 80 वाहनों के साथ अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों को जींद पहुँचाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
सभी जिला अध्यक्षों को स्पष्ट जिम्मेदारियाँ सौंपी जाएँगी, जिससे जनसभा को ऐतिहासिक, भव्य एवं अभूतपूर्व बनाया जा सके। प्रदेश महामंत्री अशोक मेहरा ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की जनसभा हरियाणा के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है। भाजपा जनकल्याण मंच का प्रत्येक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ इस आयोजन को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएगा।
उन्होंने सभी जिला अध्यक्षों तथा सामाजिक संगठनों से अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को जींद की जनसभा में शामिल होने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत के लिए व्यापक तैयारियाँ की जा रही हैं तथा जिले के हजारों कार्यकर्ता अनुशासित एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में जनसभा को सफल बनाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं।
अशोक मेहरा नरवाना ने बताया कि यह भी चर्चा की गई कि जनसभा में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी, प्रदेश सरकार के अन्य मंत्रीगण, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि तथा संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे। प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का स्वागत एवं अभिनंदन करेंगे तथा उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए हरियाणा सरकार के विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और जींद क्षेत्र के विकास से जुड़े विषयों पर अपने विचार रखेंगे।
इसके पश्चात मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हरियाणा सरकार की उपलब्धियों, विकास परियोजनाओं, किसानों, युवाओं, महिलाओं एवं गरीब कल्याण से संबंधित योजनाओं का उल्लेख करते हुए प्रदेश के विकास की रूपरेखा प्रस्तुत करेंगे तथा जनता को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन रहेगा। प्रधानमंत्री विकसित भारत के संकल्प, हरियाणा के विकास, किसानों के उत्थान, युवाओं के सशक्तिकरण, महिलाओं के सम्मान, आधुनिक आधारभूत ढाँचे तथा केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर अपने विचार व्यक्त करेंगे।
कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण एवं शिलान्यास भी प्रस्तावित है। उन्होने यह भी बताया कि आगामी दिनों में जिला स्तर पर लगातार समीक्षा बैठकें आयोजित की जाएँगी। प्रत्येक पदाधिकारी को स्पष्ट जिम्मेदारियाँ सौंपी जाएँगी तथा प्रतिदिन तैयारियों की समीक्षा की जाएगी। प्रचार-प्रसार समिति, परिवहन समिति, स्वागत समिति, मंच व्यवस्था समिति, चिकित्सा सहायता समिति तथा स्वयंसेवक दल के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा।
भाजपा जनकल्याण मंच के सभी पदाधिकारियों ने एकमत होकर संकल्प लिया है कि भाजपा जनकल्याण मंच संगठन की पूरी शक्ति, अनुशासन एवं समर्पण के साथ 17 जुलाई को जींद में आयोजित माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की जनसभा को ऐतिहासिक, भव्य एवं अभूतपूर्व सफलता दिलाने के लिए कार्य करेगा। सभी ने विश्वास व्यक्त किया है कि प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं आमजन इस कार्यक्रम में पहुँचकर हरियाणा के विकास तथा विकसित भारत के संकल्प को और अधिक सशक्त बनाएँगे।

