पंजाब में 2027 में फिर रिकॉर्ड जीत का दावा, NEET अभ्यर्थियों के लिए पंजाब रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा का ऐलान
चंडीगढ़/ 20 मई / अटल हिन्द ब्यूरो /कृष्ण कुमार
पंजाब के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक Arvind Kejriwal ने दावा किया है कि वर्ष 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी एक बार फिर ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि राज्य में Bhagwant Mann सरकार के पक्ष में जबरदस्त जनसमर्थन है और पार्टी अपना पिछला रिकॉर्ड भी तोड़ देगी।
लुधियाना में मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ मीडिया से बातचीत करते हुए केजरीवाल ने कहा कि आमतौर पर चार वर्ष तक सरकार चलाने के बाद सत्ता विरोधी माहौल बनता है, लेकिन पंजाब में स्थिति इसके विपरीत है। उन्होंने कहा कि भगवंत मान सरकार के प्रति जनता में एंटी-इनकम्बेंसी नहीं, बल्कि मजबूत प्रो-इनकम्बेंसी देखने को मिल रही है। यही कारण है कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में पहले से बेहतर प्रदर्शन करेगी।
केजरीवाल ने कहा कि पंजाब के लोग मुफ्त बिजली, किसानों के खेतों तक नहरी पानी पहुंचाने, दिन के समय बिजली उपलब्ध कराने, प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपये तक के स्वास्थ्य बीमा, बेहतर सड़कों के निर्माण और गांव-गांव में खेल मैदान विकसित किए जाने जैसे कार्यों की खुलकर सराहना कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जल्द ही महिलाओं के खातों में प्रतिमाह एक-एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता भेजना शुरू किया जाएगा।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार के कामकाज से जनता संतुष्ट है और विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। उनके अनुसार विपक्ष केवल मुख्यमंत्री भगवंत मान की आलोचना और व्यक्तिगत टिप्पणियों तक सीमित रह गया है।
केजरीवाल ने बताया कि अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान वह मुख्यमंत्री भगवंत मान और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ कई महत्वपूर्ण बैठकें करेंगे। इन बैठकों में संगठन को मजबूत करने, चुनावी रणनीति तैयार करने और 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा होगी।
2022 में 92 सीटें जीतकर बनाई थी सरकार
गौरतलब है कि वर्ष 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने 117 में से 92 सीटें जीतकर राज्य की राजनीति में नया इतिहास रचा था। पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रही पार्टी ने प्रचंड बहुमत हासिल कर सरकार बनाई थी। उस चुनाव में कांग्रेस को 18 सीटें, शिरोमणि अकाली दल-बसपा गठबंधन को 4 सीटें और भाजपा को 2 सीटों पर जीत मिली थी।
NEET अभ्यर्थियों के लिए पंजाब रोडवेज में मुफ्त यात्रा
इस दौरान केजरीवाल ने राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) देने जा रहे विद्यार्थियों के लिए एक बड़ी राहत की घोषणा भी की। उनकी अपील पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने 20, 21 और 22 जून को पंजाब रोडवेज की सभी सरकारी बसों में NEET परीक्षार्थियों के लिए निशुल्क यात्रा सुविधा देने का ऐलान किया है।
केजरीवाल ने कहा कि कई विद्यार्थियों ने उन्हें संदेश भेजकर बताया था कि उनके पास परीक्षा केंद्र तक आने-जाने के लिए पर्याप्त पैसे नहीं हैं। इस समस्या को देखते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री से चर्चा की, जिसके बाद राज्य सरकार ने यह निर्णय लिया। उन्होंने विद्यार्थियों से हौसला बनाए रखने, सकारात्मक सोच रखने और पूरी मेहनत के साथ परीक्षा की तैयारी करने का आह्वान किया।
“सपने बड़े देखो, उन्हें पूरा करना सरकार की जिम्मेदारी है” : भगवंत मान
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने NEET परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बड़े सपने देखना जरूरी है और उन सपनों को साकार करने में सरकार की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि कई आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे NEET जैसी कठिन परीक्षा देते हैं, लेकिन कई बार उनके पास परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के लिए किराए के पैसे भी नहीं होते।
मान ने कहा कि 21 जून को होने वाली परीक्षा को ध्यान में रखते हुए 20, 21 और 22 जून को सभी परीक्षार्थी पंजाब रोडवेज की बसों में केवल अपना एडमिट कार्ड दिखाकर मुफ्त यात्रा कर सकेंगे। विद्यार्थी 20 या 21 जून को परीक्षा केंद्र जा सकते हैं और 22 जून को वापस लौट सकते हैं।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच X पर भी इस निर्णय की जानकारी साझा करते हुए लिखा कि राज्य सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी विद्यार्थी का सपना आर्थिक तंगी के कारण अधूरा न रह जाए। उन्होंने सभी विद्यार्थियों की सफलता के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे अपने माता-पिता, पंजाब और देश का नाम रोशन करें।


