तो फिर विनेश फोगाट के साथ अलग व्यवहार क्यों – पर्ल चौधरी
विनेश फोगाट मामले में हाईकोर्ट की फटकार पर पर्ल चौधरी की प्रतिक्रिया
“देश का नाम रोशन करने वाली हरियाणा की बेटी के साथ भेदभाव अस्वीकार्य”
देश की अनगिनत बेटियों के सम्मान, समान अवसर और न्याय से जुड़ा मुद्दा
गुरुग्राम/22 मई /अटल हिन्द ब्यूरो/फतह सिंह उजाला
हरियाणा प्रदेश महिला काँग्रेस की अध्यक्ष एवं सुप्रीम कोर्ट की एडवोकेट पर्ल चौधरी ने ओलंपियन, अंतरराष्ट्रीय महिला पहलवान एवं जुलाना से कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट के मामले में दिल्ली हाईकोर्ट द्वारा डब्ल्यूएफआई को लगाई गई फटकार का स्वागत किया है। उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि यह केवल एक महिला खिलाड़ी का मामला नहीं, बल्कि देश की अनगिनत बेटियों के सम्मान, समान अवसर और न्याय से जुड़ा मुद्दा है।
पर्ल चौधरी ने कहा कि हाईकोर्ट ने बिल्कुल सही सवाल उठाया है कि जब देश के कई मशहूर खिलाड़ियों को नियमों में राहत और अवसर दिए जाते रहे हैं, तो फिर विनेश फोगाट के साथ अलग व्यवहार क्यों किया गया? इससे साफ है कि खेल संस्थाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
विश्व में नारी शक्ति और संघर्ष की मिसाल
उन्होंने कहा कि विनेश फोगाट केवल विश्वस्तरीय पहलवान ही नहीं, बल्कि जुलाना विधानसभा से कांग्रेस पार्टी की जनप्रतिनिधि भी हैं । विनेश फोगाट अनगिनत बेटियों का आदर्श और प्रेरणा है। घर, मातृत्व और सामाजिक जिम्मेदारियों को निभाने के साथ-साथ उन्होंने रेसलिंग के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया है। अपने संघर्ष और उपलब्धियों से उन्होंने न सिर्फ हरियाणा या भारतवर्ष, बल्कि पूरे विश्व में नारी शक्ति और संघर्ष की मिसाल कायम की है।
महिला खिलाड़ियों के अधिकारों की अनदेखी हुई
पर्ल चौधरी ने कहा कि जिस खिलाड़ी ने देश के लिए पदक जीते, तिरंगा ऊंचा किया और लाखों बेटियों को आगे बढ़ने की प्रेरणा दी, उसी खिलाड़ी को बार-बार प्रशासनिक अड़चनों और भेदभाव का सामना करना पड़े, यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा सरकार के दौर में महिला खिलाड़ियों के सम्मान और अधिकारों की लगातार अनदेखी हुई है। पहले देश की बेटियाँ न्याय के लिए सड़कों पर बैठीं और अब उन्हें प्रतियोगिताओं से दूर रखने की कोशिश की जा रही है।
बेटियाँ किसी की कृपा नहीं, अपना हक मांग रही
हरियाणा महिला कांग्रेस अध्यक्ष पर्ल चौधरी ने मांग की कि डब्ल्यूएफआई निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कार्य करे । विनेश फोगाट को बिना किसी भेदभाव के प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने का पूरा अधिकार दिया जाए। पर्ल चौधरी ने कहा, “देश की बेटियाँ किसी की कृपा नहीं, अपना हक मांग रही हैं,।
Add A Comment


