18 मार्च को 5100 महिलाएं कलश यात्रा में होंगी शामिल
समाज के सभी वर्गों की महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही
हिंदु नववर्ष एवं वैश्य दिवस की पूर्व संध्या पर महालक्ष्मी मंदिर, सेक्टर-5 से होगा शुभारंभ
सभी महिलाएं एक ही रंग की साड़ी या सूट पहनकर सहभागिता करेंगी
फतह सिंह उजाला
गुरूग्राम। हिंदु नववर्ष एवं वैश्य दिवस की पूर्व संध्या पर बुधवार, 18 मार्च को गुरूग्राम में भव्य शोभा यात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा का आयोजन अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन द्वारा किया जा रहा है, जिसमें समाज के सभी वर्गों की महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। यह जानकारी अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन के राष्ट्रीय महामंत्री एवं पूर्व विधायक उमेश अग्रवाल ने सेक्टर 5 स्थित महालक्ष्मी मंदिर में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दी।
अग्रवाल ने बताया कि वैश्य दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाली इस शोभायात्रा का शुभारंभ दोपहर 3 बजे सेक्टर-5 स्थित महालक्ष्मी मंदिर से होगा तथा इसमें गुरुग्राम शहर की 5100 महिलाएं कलश यात्रा में शामिल होंगी। ये सभी महिलाएं एक ही रंग की साड़ी या सूट पहनकर सहभागिता करेंगी, जिससे यात्रा को भव्य और एकरूप स्वरूप मिलेगा।
उन्होंने बताया कि कलश यात्रा में शामिल होने वाली महिलाएं प्रेम मंदिर के सामने सांय 4 बजे एकत्रित होंगी। शोभायात्रा को भव्य एवं ऐतिहासिक बनाने के लिए शहर के विभिन्न मंदिरों की महिला समितियों से संपर्क कर उन्हें शोभायात्रा में शामिल होने का निमंत्रण दिया जा रहा है।
दो दर्जन से अधिक आकर्षक झांकियां शामिल होंगी
उन्होंने प्रैस वार्ता के दौरान बताया कि इस शोभायात्रा में दो दर्जन से अधिक आकर्षक झांकियां शामिल होंगी। इस शोभा यात्रा में शामिल होने वाली विभिन्न प्रदेशों की सांस्कृतिक झांकियां और वहां के कलाकारों द्वारा विशेष प्रस्तुति इस शोभा यात्रा को आकर्षक एवं यादगार बनाने का काम करेंगी।
अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन के राष्ट्रीय महांमंत्री एवं पूर्व विधायक उमेश अग्रवाल ने बताया कि शोभायात्रा के दौरान सभी मंदिरों के आचार्य एवं पुरोहित पारंपरिक वेशभूषा में शंख और घड़ियाल के साथ सम्मिलित होंगे। यात्रा का स्वागत शहर के विभिन्न स्थानों पर समाज के प्रतिष्ठित लोगों द्वारा किया जाएगा। विशेष रूप से सदर बाजार क्षेत्र में कई स्थानों पर पुष्पवर्षा और आरती की व्यवस्था भी की जाएगी।
पारंपरिक मूल्यों के संवर्धन का संदेश
अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन के उपाध्यक्ष वी.के जैन ने शोभायात्रा के रूट के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह शोभा यात्रा कम्युनिटी सेन्टर सेक्टर-5 से चिन्तपूर्णी मंदिर रेलवे रोड होते हुए सैक्टर-4 चौक, ओल्ड रेलवे रोड, सोहना चौक- सदर बाजार से होते हुए गुड़गांव क्लब पार्किंग सिविल लाइन पर समाप्त होगी। आयोजन समिति के अनुसार यह कार्यक्रम सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना और पारंपरिक मूल्यों के संवर्धन का संदेश देगा।
परंपरा और सहभागिता का उत्सव
उन्होंने बताया कि हिंदु नववर्ष की पूर्व संध्या पर आयोजित होने वाली शोभायात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। 5100 महिलाओं की एकरूप सहभागिता अनुशासन और सामूहिक शक्ति का संदेश देती है। विभिन्न प्रदेशों की झांकियों और पुरोहितों की पारंपरिक उपस्थिति से यह आयोजन सांस्कृतिक विविधता को एक मंच पर लाने का प्रयास है। ऐसे आयोजन शहर में सकारात्मक ऊर्जा और सामाजिक जुड़ाव को मजबूत करते हैं।
इस प्रेस वार्ता में केन्द्रीय सनातन सभा गुरूग्राम के अध्यक्ष सुरेन्द्र खुल्लर, गजेन्द्र गोसंई, महालक्ष्मी मंदिर ट्रस्ट के महामंत्री दिनेश अग्रवाल, युवा अध्यक्ष विवेक गुप्ता, महासचिव देवेन्द्र गुप्ता, महिला अध्यक्ष इन्दु जैन, रितु महेश्वरी, अनुराधा शर्मा, दया गुप्ता, शालिनी गुप्ता, अमित अग्रवाल, पियूष सिंघल आदि उपस्थित रहे।
Add A Comment


