जाखल में ओवरब्रिज के पास भीषण सड़क हादसा: आमने-सामने टक्कर में दो चालक गंभीर
जाखल /1 मई /योगेश खनेजा
जाखल भूना मार्ग स्थित रेलवे ओवरब्रिज के पास शुक्रवार को उस समय बड़ा सड़क हादसा हो गया जब दो कारों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और दोनों कार चालकों को गंभीर चोटें आई हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब सड़क पर अचानक बच्चों के आने से दोनों कार चालकों ने अपनी दिशा बदलने की कोशिश की, जिससे गाड़ियां आमने-सामने टकरा गईं। बताया जा रहा है कि एक कार रेलवे ब्रिज के ऊपर से नीचे उतर रही थी, जबकि दूसरी कार जाखल थाना की ओर से शहर की तरफ जा रही थी।हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने मानवता दिखाते हुए घायलों को अपनी गाड़ियों में डालकर जाखल के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
घायलों में गुरप्रीत (निवासी सलेमगढ़, पंजाब) को मुंह और आंखों पर गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे अग्रोहा रेफर किया गया, लेकिन परिजन उसे निजी एंबुलेंस के जरिए पटियाला ले गए, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। वहीं दूसरे चालक गुरविंदर सिंह (निवासी गुरु नानक नगर, चुड़ल कला, पंजाब) को छाती में स्टीयरिंग लगने से गंभीर चोटें आई हैं। उसे भी अग्रोहा रेफर किया गया है।
डॉ. अमरदीप ने बताया कि दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया था, लेकिन परिजन अपनी सुविधा अनुसार उन्हें अन्य अस्पताल ले गए।
सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारू किया। हादसे के बाद क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन पुलिस की तत्परता से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया।
जाखल थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि हादसे में घायल दोनों व्यक्तियों को अस्पताल से रेफर किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Add A Comment


