बालाजी के जयकारों से गूंजा मंदिर परिसर, सुंदरकांड पाठ में भक्ति रस में डूबे श्रद्धालु
जाखल/2 मई/ योगेश खनेजा
जाखल मास्टर कॉलोनी स्थित संत शिरोमणि श्री बालाजी मंदिर में आयोजित सुंदरकांड पाठ एवं भजन संध्या में श्रद्धालुओं ने भक्ति रस का आनंद लिया। मंदिर परिसर में देर शाम तक बालाजी महाराज के जयकारे गूंजते रहे और श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं व बुजुर्गों ने भाग लेकर भगवान श्री हनुमान जी की आराधना की। कार्यक्रम में पंजाब के बठिंडा से पहुंचे प्रसिद्ध भजन गायक बॉबी कालिया ने अपनी मधुर वाणी से सुंदरकांड पाठ का गुणगान किया।
उन्होंने हनुमान जी की महिमा का वर्णन करते हुए एक से बढ़कर एक भक्ति भरे शब्द सुनाए, जिससे पूरा पंडाल भक्तिमय माहौल में डूब गया। श्रद्धालु भजनों पर झूमते नजर आए और वातावरण पूरी तरह श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से सराबोर हो गया।
मंदिर के प्रधान श्यामलाल सिंगला, सैफी गर्ग, अजय सिंगला, सुरेश गोयल, हरिचंद गर्ग, अजय, कपिल सहित अन्य सदस्यों ने बताया कि संत शिरोमणि श्री बालाजी मंदिर में प्रत्येक माह नवमी के अवसर पर विशाल लंगर भंडारे का आयोजन किया जाता है।
इसके साथ ही हर माह सुंदरकांड पाठ का आयोजन भी श्रद्धा भाव से किया जाता है, जिसमें शहर व आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।
श्रद्धालु को पवित्र धामों के करवाए जाते हैं दर्शन
उन्होंने बताया कि मंदिर समिति द्वारा हर वर्ष जाखल से सालासर बालाजी एवं खाटू श्याम धाम के लिए दो बसों का विशेष प्रबंध किया जाता है, ताकि श्रद्धालु पवित्र धामों के दर्शन कर सकें।
इसके अलावा हर साल बालाजी महाराज का विशाल जागरण भी आयोजित किया जाता है तथा समय-समय पर धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन कर श्रद्धालुओं को धर्म से जोड़ने का कार्य किया जाता है।
विशाल और भव्य हॉल का निर्माण
मंदिर समिति के सदस्य सैफी गर्ग ने बताया कि मंदिर में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या के चलते लंगर के लिए जगह कम पड़ रही थी। इसी समस्या को देखते हुए मंदिर के साथ लगती जगह पर एक विशाल और भव्य हॉल का निर्माण करवाया जा रहा है। यह निर्माण कार्य जाखल क्षेत्र के श्रद्धालुओं और समाजसेवियों के सहयोग से किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि नए हॉल को आधुनिक व सुंदर तरीके से तैयार किया जाएगा, ताकि श्रद्धालु आरामपूर्वक बैठकर लंगर ग्रहण कर सकें और धार्मिक कार्यक्रमों का भी भव्य आयोजन हो सके।कार्यक्रम के अंत में मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं ने बालाजी महाराज के जयकारे लगाए और क्षेत्र में सुख-शांति व समृद्धि की कामना की।
Add A Comment


