गोलीबारी में आदमपुर क्षेत्र के भाणा गांव निवासी शुभम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
उकलाना/हिसार/5 मई / अटल हिन्द ब्यूरो
हरियाणा के हिसार जिले के उकलाना क्षेत्र में सोमवार देर रात उस समय तनाव और दहशत का माहौल बन गया जब चुनावी गतिविधियों के बीच अचानक हिंसक वारदात सामने आ गई। यह घटना एसबीआई बैंक के पास स्थित एक कन्फेक्शनरी दुकान के बाहर हुई, जिसने पूरे इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से जुड़े नेता प्रदीप सोनी किसी काम से कन्फेक्शनरी दुकान पर सामान लेने पहुंचे थे। उसी दौरान अचानक बोलेरो गाड़ी में सवार होकर कुछ युवक मौके पर पहुंचे और बिना किसी चेतावनी के उन पर हमला कर दिया।
बताया जा रहा है कि हमलावरों ने तेज बहस और धक्का-मुक्की के बाद स्थिति को और अधिक आक्रामक बना दिया, जिससे माहौल पूरी तरह बिगड़ गया।
हमले के दौरान खुद को बचाने के लिए प्रदीप सोनी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाली और फायरिंग कर दी। फायरिंग के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
इस गोलीबारी में आदमपुर क्षेत्र के भाणा गांव निवासी शुभम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों में मुकेश कुमार को जांघ में, विवेक उर्फ जतिन को कंधे में, पवन को पेट में, सोनू को हाथ में और मोनू को कूल्हे में गोली लगने की जानकारी सामने आई है। सभी घायलों को तत्काल हिसार के विभिन्न निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।
वहीं, प्रदीप सोनी भी इस घटना में घायल हुए हैं और उन्हें अमनदीप अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत पर निगरानी रखी जा रही है।
कन्फेक्शनरी दुकान के मालिक नरेंद्र बॉबी ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि रात करीब 10:45 बजे प्रदीप सोनी उनकी दुकान पर आए थे। कुछ ही देर बाद बोलेरो में आए युवक वहां पहुंचे और सीधे सोनी पर हमला कर दिया। स्थिति बिगड़ने पर सोनी दुकान से बाहर भागे, लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा नहीं छोड़ा। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच झड़प बढ़ गई और फायरिंग शुरू हो गई, जिसमें कई लोग घायल हो गए।
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस घटना में गोली चलने से एक युवक की मौत हुई, जिसकी पहचान प्रदीप उर्फ सोनू सोनी पुत्र महाबीर सिंह, निवासी वार्ड नंबर 3, उकलाना मंडी के रूप में की गई है।
पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया है। थाना उकलाना के प्रभारी PSI कुलदीप ने बताया कि मुकेश कुमार उर्फ मुक्की के बयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया है।
बयान के अनुसार, सभी युवक अपने साथी दीपक उर्फ बेदी से मिलने के लिए वहां पहुंचे थे, जहां किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया। इसके बाद स्थिति इतनी बिगड़ गई कि फायरिंग तक पहुंच गई। पुलिस ने मामले में धारा 103, 109 BNS और आर्म्स एक्ट की धारा 25/54/59 के तहत केस दर्ज कर लिया है और जांच को आगे बढ़ा दिया गया है।
हिसार पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया है, जो पूरे घटनाक्रम की बारीकी से जांच कर रही है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। वहीं, आरोपी से पुलिस रिमांड में पूछताछ की जाएगी ताकि घटना के पीछे की पूरी सच्चाई सामने आ सके।
गौरतलब है कि प्रदीप सोनी ने हाल ही में 2 मई को भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी। इसके बाद उकलाना में आयोजित एक बड़े राजनीतिक कार्यक्रम में उन्होंने भाजपा प्रत्याशी निकिता गोयल को समर्थन दिया था और चुनाव प्रचार में सक्रिय भूमिका निभानी शुरू कर दी थी। उनके राजनीति में सक्रिय होने के बाद स्थानीय स्तर पर हलचल भी देखी जा रही थी।
इस घटना ने उकलाना नगरपालिका चुनाव के माहौल को और अधिक संवेदनशील बना दिया है। पहले से ही यहां राजनीतिक गतिविधियां तेज थीं और अब इस हिंसक घटना ने प्रशासन और पुलिस की चुनौती को और बढ़ा दिया है।
खास बात यह है कि 7 मई को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का उकलाना दौरा भी प्रस्तावित है, जहां वे भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार करने वाले हैं।
ऐसे समय में हुई इस वारदात ने न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि राजनीतिक हलकों में भी कई तरह की चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
फिलहाल पुलिस यह स्पष्ट करने में जुटी है कि यह घटना पूरी तरह आपसी रंजिश का परिणाम है या इसके पीछे कोई राजनीतिक एंगल भी जुड़ा हुआ है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति सामने आ पाएगी।


