अंबाला कैंट के प्रीत नगर इलाके से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। यहां एक बंद मकान से दो सगी बहनों के गले-सड़े शव मिले हैं।
अम्बाला / 22 मई / अटल हिन्द ब्यूरो/पूर्ण सिंह
अंबाला कैंट के प्रीत नगर इलाके से मानवता को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। इलाके में एक बंद मकान से दो सगी बहनों के गले-सड़े शव मिलने से सनसनी फैल गई। आसपास के लोगों ने घर से तेज बदबू आने पर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान 45 वर्षीय मानु कश्यप और 40 वर्षीय अंजना कश्यप के रूप में हुई है। माता-पिता के निधन के बाद दोनों बहनें इसी घर में अकेले रह रही थीं। बताया जा रहा है कि मानु मानसिक रूप से अस्वस्थ थी, जबकि छोटी बहन अंजना उसकी देखभाल करती थी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों बहनें बेहद शांत स्वभाव की थीं और किसी से ज्यादा मेलजोल नहीं रखती थीं। पिछले करीब 15 दिनों से उन्हें घर से बाहर नहीं देखा गया था, लेकिन किसी को अंदर की भयावह स्थिति का अंदाजा नहीं था।
जब पुलिस ने पड़ोसियों की मौजूदगी में मकान का दरवाजा तोड़ा, तो अंदर का दृश्य बेहद दर्दनाक था। दोनों बहनों के शव बुरी तरह सड़ चुके थे। घर के भीतर इस्तेमाल किए गए डायपरों का ढेर लगा हुआ था, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि दोनों बेहद खराब और लाचारी भरे हालात में जीवन गुजार रही थीं।
घटना की जानकारी मिलने के बाद भी परिवार का कोई सदस्य मौके पर नहीं पहुंचा। फिलहाल पुलिस पड़ोसियों के बयान दर्ज कर रही है और दोनों महिलाओं का लावारिस के रूप में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच में जुटी हुई है।


