ग्रामीणों और परिजनों की मदद से तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने तीनों को गंभीर हालत को देखते हुए चंडीगढ़ रेफर कर दिया।
अम्बाला / 24 मई /अटल हिन्द /पूर्ण सिंह
अंबाला में शहजादपुर के गाँव बिचपड़ी गांव में शनिवार शाम को मिट्टी खनन के ठेके के विवाद में पोते ने अपनी 95 वर्षीय दादी इसरो देवी की गोली मारकर हत्या कर दी।
फायरिंग में उसका भाई संदीप, चाचा और चाची गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की चंडीगढ़ पीजीआई रेफर किया गया है। उपचार के लिए ले जाते समय चाचा और भाई ने भी दम तोड़ दिया। वहीं, चाची की हालत गंभीर है। पुलिस के अनुसार, बिचपड़ी गांव में दो किला जमीन से मिट्टी निकालने का ठेका चल रहा था।
इसी ठेके में हिस्सेदारी मांगने को लेकर परिवार के बीच कुछ समय से विवाद चल रहा था। शनिवार शाम करीब 4:30 बजे इसी बात को लेकर एक बार फिर बहस हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि अभिषेक तैश में आ गया और उसने अपने पास मौजूद पिस्तौल से फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी अभिषेक ने सबसे पहले अपनी दादी पर गोली चलाई।
गोली लगते ही बुजुर्ग महिला गिर पड़ीं और मौके पर दम तोड़ दिया। इसके बाद बीच-बचाव करने आए अपने बड़े भाई संदीप, चाचा और चाची पर भी गोलियां दाग दीं। आनन-फानन ग्रामीणों और परिजनों की मदद से तीनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने तीनों को गंभीर हालत को देखते हुए चंडीगढ़ रेफर कर दिया। रास्ते में ही चाचा महेंद्र और भाई संदीप ने भी दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।


