फतेहाबाद पुलिस का “डबल एक्शन मॉडल” : नशा तस्करों पर शिकंजा, करोड़ों की संपत्तियां फ्रीज, भारी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद
फतेहाबाद/25 मई /अटल हिन्द/योगेश खनेजा
फतेहाबाद पुलिस द्वारा नशा तस्करी के खिलाफ चलाया जा रहा अभियान अब और अधिक सख्त एवं प्रभावी रूप ले चुका है। पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि अब केवल नशा तस्करों की गिरफ्तारी ही नहीं, बल्कि उनकी अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों पर भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसी रणनीति के तहत पुलिस लगातार तस्करों की आर्थिक जड़ों पर प्रहार कर रही है।
पुलिस की “डबल एक्शन” नीति के अंतर्गत हाल ही में दो कुख्यात नशा तस्करों की करीब 23 लाख रुपये की अवैध संपत्तियों को फ्रीज किया गया है, जिनकी वर्तमान बाजार कीमत लगभग 80 लाख रुपये बताई जा रही है। फतेहाबाद पुलिस अब तक कुल सात नशा तस्करों की लगभग 1.75 करोड़ रुपये की अवैध संपत्तियों को कानून के दायरे में ला चुकी है।
यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर, आईपीएस के नेतृत्व तथा एएसपी दिव्याशीं सिंगला, आईपीएस की निगरानी में विभिन्न पुलिस इकाइयों द्वारा संयुक्त रूप से की गई।
सीआईए फतेहाबाद की बड़ी कार्रवाई
सीआईए फतेहाबाद ने ढाणी ढाबी खुर्द निवासी विकास पुत्र तेजा सिंह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसकी अवैध संपत्ति फ्रीज की है। वर्ष 2025 में आरोपी के कब्जे से 5.27 ग्राम हेरोइन बरामद होने पर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच में सामने आया कि आरोपी लंबे समय से नशा तस्करी में सक्रिय था और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस की वित्तीय जांच में पता चला कि आरोपी की संपत्तियां उसकी वैध आय से कहीं अधिक हैं। इसके बाद एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-F(1) के तहत कार्रवाई करते हुए उसका 7 कनाल में बना रिहायशी मकान फ्रीज कर दिया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 16.60 लाख रुपये बताई गई है। यह कार्रवाई SAFEMA, नई दिल्ली की मंजूरी के बाद अमल में लाई गई।
महमड़ा चौकी की कार्रवाई में वाहन फ्रीज
दूसरे मामले में थाना सदर रतिया की महमड़ा चौकी पुलिस ने हेतराम उर्फ हेतु निवासी महमड़ा के खिलाफ कार्रवाई की। आरोपी को वर्ष 2020 में 42 किलो चूरा पोस्त के साथ गिरफ्तार किया गया था। जांच में सामने आया कि वह लंबे समय से नशीले पदार्थों की तस्करी में शामिल था।
फाइनेंशियल प्रोफाइलिंग के दौरान उसकी संपत्ति संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस ने उसकी एक स्विफ्ट कार, एक रिट्ज वीडीआई कार और एक सीटी-100 मोटरसाइकिल को फ्रीज कर दिया। इन वाहनों की कुल कीमत करीब 6.10 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अब कार्रवाई केवल मुख्य आरोपियों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि नशा तस्करी की पूरी सप्लाई चेन पर प्रहार किया जाएगा।
एक ही दिन में नशा तस्करों पर दो बड़ी कार्रवाइयां
केले के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा था डोडा पोस्त
सीआईए टोहाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रक में कच्चे केले के नीचे छिपाकर ले जाए जा रहे 40 किलो 600 ग्राम कचरा डोडा पोस्त को बरामद किया है। मामले में संगरूर जिले के गांव भाठूवा निवासी सोनू उर्फ बच्ची को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने ट्रक को भी कब्जे में ले लिया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी एडिशनल नई अनाज मंडी टोहाना के पास रतिया रोड पर ट्रक खड़ा कर नशीले पदार्थ की सप्लाई करने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस ने नाकाबंदी कर ट्रक की तलाशी ली। राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में जांच के दौरान दो प्लास्टिक कट्टों से भारी मात्रा में डोडा पोस्त बरामद हुआ।
इस संबंध में थाना शहर टोहाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
एएनसी सेल ने 101 ग्राम हेरोइन सहित दो आरोपी पकड़े
वहीं एएनसी सेल फतेहाबाद ने भी नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 101 ग्राम हेरोइन के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान संदीप सिंह और लवप्रीत उर्फ लव के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से स्कोडा रैपिड कार भी बरामद की है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी पंजाब से हेरोइन लाकर रतिया क्षेत्र में सप्लाई करते हैं। इसके बाद पुलिस ने रतिया-बुढलाडा रोड पर नाकाबंदी की। संदिग्ध कार दिखाई देने पर चालक वाहन को वापस मोड़ने लगा, जिससे पुलिस को शक हुआ। तलाशी के दौरान आरोपी संदीप सिंह की जेब से 101 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
इस मामले में थाना शहर रतिया में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।
नशा तस्करों को आर्थिक रूप से कमजोर करने की रणनीति
पुलिस अधिकारियों के अनुसार सभी मामलों में एनडीपीएस एक्ट की धारा 68-F(1) के तहत संपत्तियों की जांच की गई और SAFEMA, नई दिल्ली से मंजूरी मिलने के बाद उन्हें फ्रीज किया गया। अब इन संपत्तियों को बिना अनुमति बेचा या हस्तांतरित नहीं किया जा सकेगा।
फतेहाबाद पुलिस का मानना है कि यह रणनीति नशा तस्करों को आर्थिक रूप से कमजोर करने के साथ-साथ पूरे ड्रग नेटवर्क को तोड़ने में कारगर साबित होगी।
पुलिस की आमजन से अपील
एएसपी दिव्याशीं सिंगला ने कहा कि फतेहाबाद police “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत कार्य कर रही है और आने वाले समय में ऐसी कार्रवाइयों को और तेज किया जाएगा। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि नशा तस्करी से जुड़ी किसी भी सूचना को तुरंत पुलिस के साथ साझा करें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी


