एमबीबीएस में दाखिला दिलवाने के नाम पर आठ लाख रुपये ठगने के मामले में थाना सीवन पुलिस द्वारा दो आरोपी काबू
कैथल/06 जुलाई 2026/अटल हिन्द ब्यूरो
आमजन से ठगी करके पैसे ऐंठने वाले आरोपियों पर एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के आदेशानुसार कैथल पुलिस द्वारा लगातार शिकंजा कसा जा रहा है। इसी कड़ी में एमबीबीएस में बेटी का दाखिला दिलवाने के नाम पर एक महिला से आठ लाख रुपये ठगने के मामले की जांच थाना सीवन प्रभारी एसआई जय भगवान की अगुवाई में एसआई संदीप कुमार की टीम द्वारा करते हुए आरोपी पटियाला निवासी अमन व हेमू माजरा निवासी अभिनव को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गांव रामनगर भूना निवासी महिला मंजीत कौर की शिकायत अनुसार उनकी बेटी मुस्कान ने एमबीबीएस में दाखिले के लिए मोहाली से नीट परीक्षा की तैयारी की थी। दो मई 2025 को परीक्षा हुई और 14 जून 2025 को परिणाम घोषित हुआ, जिसमें कम अंक आने के कारण उसे एमबीबीएस में सीट नहीं मिल सकी।
उनकी बेटी के साथ पढ़ने वाले एक युवक गांव हेमु माजरा निवासी अभिनव ने उन्हें अपने जानकार अमन की जानकारी दी, जिसके पिता पटियाला के राजेंद्र अस्पताल में कार्यरत हैं। इसके बाद उन्होंने अमन से संपर्क किया। आरोप है कि अमन उनके घर आया और सरकारी कोटे में एमबीबीएस में दाखिला दिलाने का भरोसा दिलाया।
उसने कहा कि आवश्यक दस्तावेज तैयार कर वह सीट पक्की करवा देगा और खर्च के नाम पर समय-समय पर पैसे लेता रहेगा। भरोसे में आकर उन्होंने अलग-अलग किस्तों में आरोपी को करीब आठ लाख रुपये दे दिए।
उन्होंने बेटी का भविष्य सुरक्षित रखने के लिए उसे दोबारा कोचिंग में दाखिला दिलाने की कोशिश की, तो आरोपी ने यह कहकर मना कर दिया कि अब पढ़ाई की जरूरत नहीं है, क्योंकि एडमिशन तय हो चुका है और जल्द ही फाइल आ जाएगी।
करीब आठ माह बाद भी जब कोई दाखिला नहीं हुआ, तो उन्होंने स्वयं पटियाला स्थित मेडिकल कॉलेज और संबंधित यूनिवर्सिटी से जानकारी ली। वहां से पता चला कि उनकी बेटी का कहीं भी एडमिशन नहीं हुआ है।
आरोपियों ने उनसे 8 लाख रुपए ठग लिए। जिस बारे थाना सीवन में मामला दर्ज किया गया। दोनों आरोपियों का व्यापक पूछताछ के लिए न्यायालय से पुलिस रिमांड हासिल किया गया।

