गांव मथाना में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई महर्षि कश्यप जयंती
बाबैन, 24 मई( सुरेश अरोड़ा) :
गांव मथाना में महर्षि कश्यप जयंती का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास, श्रद्धा और सामाजिक एकता के माहौल में किया गया। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष मेवा सिंह मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे, जहां कश्यप समाज के लोगों ने फूल-मालाएं पहनाकर और जोरदार स्वागत कर उनका अभिनंदन किया।
पूरे कार्यक्रम के दौरान समाज के लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम की शुरुआत महर्षि कश्यप जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर और दीप प्रज्वलित करके की गई। उपस्थित लोगों ने महर्षि कश्यप जी के जीवन, उनके आदर्शों और समाज के उत्थान में दिए गए योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धा-सुमन अर्पित किए।
वक्ताओं ने कहा कि महर्षि कश्यप जी ने समाज को एकता, भाईचारे, सेवा और मानवता का संदेश दिया था, जिसे आज भी अपनाने की जरूरत है।जिला कांग्रेस अध्यक्ष मेवा सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि महापुरुषों की जयंती केवल एक आयोजन नहीं बल्कि समाज को जोड़ने और नई पीढ़ी को अपने इतिहास व संस्कृति से परिचित करवाने का माध्यम होती है। उन्होंने कहा कि समाज में शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और आपसी भाईचारे को मजबूत करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
उन्होंने युवाओं से नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर समाज और देशहित में कार्य करने का आह्वान किया।कार्यक्रम में योगराज मथाना, संजीव भूखड़ी, ओमप्रकाश कश्यप सहित गांव मथाना के कश्यप समाज के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
इसके अलावा सीता कश्यप, राजू कश्यप, विक्रम कश्यप और ईश्वर वाल्मीकि ने भी कार्यक्रम में भाग लेते हुए समाज की एकता और सहयोग की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।कार्यक्रम के दौरान समाज के लोगों ने एक-दूसरे को महर्षि कश्यप जयंती की शुभकामनाएं दीं और समाज को संगठित व मजबूत बनाने का संकल्प लिया। आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और समाज के लोगों की उपस्थिति रही, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय और सामाजिक सौहार्द से भर गया।


