स्कूल जा रही एक 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा को जबरन गाड़ी में बैठाकर दो युवकों द्वारा दुष्कर्म करने का प्रयास
नरवाना, /25 मई /नरेन्द्र जेठी
सदर थाना नरवाना क्षेत्र के एक गांव में स्कूल जा रही एक 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा को जबरन गाड़ी में बैठाकर दो युवकों द्वारा दुष्कर्म करने की कोशिश की गई। छात्रा द्वारा शोर मचाने और विरोध करने पर आरोपी उसे रास्ते में ही धमकी देते हुए गाड़ी से उतारकर फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़िता के पिता ने बताया कि 22 मई को उनकी 16 वर्षीय बेटी रोजाना की तरह स्कूल जा रही थी। उसी दौरान रास्ते में गांव के ही दो युवकों, नवदीप और विकास, ने अपनी गाड़ी रोकी।
उन्होंने छात्रा को स्कूल छोडऩे की बात कहकर गाड़ी में बैठा लिया। आरोपियों की नीयत खराब थी, जिसके चलते वे छात्रा को स्कूल ले जाने की बजाय एक सुनसान जगह पर ले गए। वहाँ दोनों युवकों ने नाबालिग के साथ अश्लील हरकतें शुरू कर दीं और जबरदस्ती दुष्कर्म का प्रयास किया। जब छात्रा ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाना शुरू किया, तो आरोपी घबरा गए।
पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने छात्रा को गाड़ी से नीचे उतार दिया और किसी को कुछ भी बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। डरी-सहमी छात्रा ने घर लौटकर परिजनों को अपने साथ हुई इस पूरी करतूत की जानकारी दी।
जिसके बाद परिवार ने तुरंत पुलिस से संपर्क किया। सदर थाना नरवाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए पीड़ित पिता की शिकायत पर आरोपी नवदीप और विकास के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों को पकडऩे के लिए छापेमारी की जा रही है। जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


