सआई भर्ती पुनः परीक्षा-2021
अभ्यर्थी वेबसाइट पर उपलब्ध सूची से कर लें ऑनलाइन आवेदन में प्रयुक्त एसएसओ आइडी की जानकारी
मोबाइल/ईमेल में हुआ है परिवर्तन तो निशुल्क करा सकते हैं संशोधन
जयपुर/24 मई /अटल हिन्द/दिनेश कुमार जांगिड़
राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा आगामी 20 सितंबर 2026 (रविवार) को आयोजित होने वाली उप-निरीक्षक भर्ती पुनः परीक्षा-2021 के अभ्यर्थियों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। आयोग ने उन अभ्यर्थियों की राह आसान कर दी है जो अपने ऑनलाइन आवेदन में प्रयुक्त ‘एसएसओ आईडी’ भूल चुके हैं और इस कारण आवेदन पत्र में आवश्यक संशोधन या अनिवार्य केवाईसी नहीं कर पा रहे हैं।
वेबसाइट पर विशेष संकलित सूची अपलोड—
आयोग सचिव ने बताया कि, परीक्षा के लिए पात्र अभ्यर्थियों का आवश्यक डेटा आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। इस विशेष सूची में अभ्यर्थी का नाम, पिता का नाम, जन्म तिथि, आवेदन क्रमांक तथा उनकी मूल एसएसओ आईडी जिसके द्वारा तत्समय आवेदन किया गया था अंकित है। अभ्यर्थी यहाँ से अपनी एसएसओ आईडी जानकर वर्तमान संशोधन प्रक्रिया को सुगमता से पूरा कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, आयोग द्वारा अभ्यर्थियों के पंजीकृत मोबाइल नंबरों पर भी एसएमएस के माध्यम से आवेदन क्रमांक और एसएसओ आईडी की जानकारी प्रेषित की जा रही है।
बंद या बदले हुए मोबाइल नंबर/ईमेल के लिए निःशुल्क समाधान —
यदि किसी अभ्यर्थी का पूर्व पंजीकृत मोबाइल नंबर या ईमेल आईडी परिवर्तित हो चुका है और ओटीपी वेरिफिकेशन में समस्या आ रही है, तो आयोग द्वारा इसे संशोधित कराने की पूरी तरह निःशुल्क सुविधा दी गई है। इसके लिए अभ्यर्थी आयोग के ग्रीवेंस पोर्टल पर अपनी परिवेदना दर्ज करा सकते हैं। अथवा, feedback.rpsc@rajasthan.gov.in पर ई-मेल भेज सकते हैं।
या आयोग कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से प्रार्थना पत्र दे सकते हैं।
विवरण संशोधित होने के पश्चात अभ्यर्थी ‘फेच एप्लीकेशन फॉर्म’ विकल्प के माध्यम से अपना पुराना रिकॉर्ड नए प्रोफाइल में स्थानांतरित कर सकेंगे।
अभ्यर्थियों की सहायतार्थ डेमो वीडियो और हेल्प डॉक्यूमेंट जारी —
प्रक्रिया को पूरी तरह सरल और सुबोध बनाने के लिए आयोग ने हिंदी एवं अंग्रेजी दोनों भाषाओं में सहायता दस्तावेज और एक डेमो वीडियो भी जारी किया है। अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट के होम पेज पर उपलब्ध ‘Important Links – Apply Online Link’ के माध्यम से इसका अवलोकन कर प्रक्रिया को समझ सकते हैं।
संशोधन न चाहने वाले अभ्यर्थियों के लिए भी प्रमाणीकरण ‘अनिवार्य’ —
आयोग द्वारा पुनः स्पष्ट किया जाता है कि जिन अभ्यर्थियों को अपने पूर्व आवेदन में कोई संशोधन नहीं करना है, उन्हें भी अनिवार्य रूप से एक बार अपना फॉर्म ‘एडिट मोड’ में खोलना होगा। वहाँ उन्हें अपनी लाइव फोटो, हस्ताक्षर और अंगूठा निशानी के उपयोग की सहमति प्रदान करनी होगी। इसके बाद ही ‘फाइनल सब्मिट’ बटन पर क्लिक कर ओटीपी दर्ज करना होगा। इस अंतिम प्रमाणीकरण के अभाव में आवेदन प्रक्रिया अधूरी मानी जाएगी।
30 मई है अंतिम तिथि —
उल्लेखनीय है कि यह प्रक्रिया 16 मई से 30 मई 2026 तक संचालित की जा रही है। आयोग द्वारा इस संबंध में पूर्व में भी 8 एवं 22 मई 2026 को प्रेस नोट जारी किए जा चुके हैं। निर्धारित तिथि (30 मई) तक अनिवार्य सम्मति दर्ज न करने या निर्देशों की अवहेलना करने की स्थिति में इस हेतु अन्य कोई अवसर नहीं दिया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी स्वयं अभ्यर्थी की होगी।
आयोग परीक्षा हेतु पात्र सभी अभ्यर्थियों से अपील करता है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना परीक्षा में सम्मिलित होना सुनिश्चित करने के लिए समय रहते इस प्रक्रिया को पूर्ण करें।


