जिला कलक्टर अपर्णा गुप्ता ने किया नीमराणा उपखण्ड का व्यापक दौरा, चिकित्सा, पेयजल, राजस्व एवं जल संरक्षण कार्यों का लिया जायजा*
*गर्मी के मौसम में आमजन को राहत देना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता, पेयजल व विद्युत व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी – अपर्णा गुप्ता*
कोटपूतली-बहरोड़/27 मई/अटल हिन्द ब्यूरो
कोटपूतली-बहरोड़, 27 मई। जिला कलक्टर अपर्णा गुप्ता ने बुधवार को नीमराणा उपखण्ड का विस्तृत दौरा कर चिकित्सा सेवाओं, पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था, राजस्व कार्यों तथा जल संरक्षण एवं भू-जल संचयन से संबंधित कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीएचसी नीमराणा एवं शाहजहांपुर, उपखण्ड एवं तहसील कार्यालय सहित मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान एवं वाटरशेड विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कार्यों का मौके पर पहुंचकर अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
*समर कंटिंजेंसी कार्यों में तेजी लाने के निर्देश*
जिला कलक्टर ने ग्रीष्मकालीन परिस्थितियों को देखते हुए पीएचईडी अधिकारियों को निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने, खराब हैंडपंपों को प्राथमिकता से ठीक करने तथा जल जीवन मिशन एवं समर कंटिंजेंसी कार्यों में गति लाने के निर्देश दिए। आवश्यकता वाले स्थानों पर टैंकर से पेयजल आपूर्ति करने को कहा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आमजन को पेयजल संकट का सामना नहीं करना पड़े, इसके लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें। संपर्क पोर्टल के परिवादों को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए।
उन्होंने विद्युत निगम अधिकारियों को निर्देशित किया कि बिजली आपूर्ति संबंधी शिकायतों का त्वरित निस्तारण किया जाए तथा पीएम कुसुम योजना के तहत सोलर सिस्टम स्थापना हेतु अधिकाधिक किसानों एवं आमजन को जागरूक किया जाए। साथ ही बजट घोषणाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यों को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण करने पर जोर दिया।
*सीएचसी में चिकित्सा व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण*
दौरे के दौरान जिला कलक्टर ने सीएचसी नीमराणा एवं शाहजहांपुर का निरीक्षण कर चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने गर्मी एवं लू-तापघात से बचाव हेतु अस्पतालों में आवश्यक तैयारियां सुदृढ़ रखने, ओआरएस एवं आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा मरीजों को समय पर समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था, दवा वितरण व्यवस्था, जांच सुविधाओं एवं वार्डों का निरीक्षण किया तथा मरीजों एवं उनके परिजनों से संवाद कर उपलब्ध चिकित्सा सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। जिला कलक्टर ने दवा भंडार कक्ष का अवलोकन कर आवश्यक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने नीमराणा सीएचसी प्रभारी को समय पर अस्पताल पहुंचने, पूर्ण स्टाफ क्षमता के साथ कार्य करने एवं संस्थागत प्रसव बढ़ाने के निर्देश देते हुए व्यवस्थाओं में सुधार लाने के लिए फटकार लगाई। वहीं शाहजहांपुर सीएचसी में ओआरएस कॉर्नर स्थापित करने, एएनसी पंजीयन समय पर सुनिश्चित करने तथा संस्थागत प्रसव बढ़ाने के निर्देश दिए।
*उपखण्ड एवं तहसील कार्यालय में लंबित प्रकरणों की समीक्षा*
जिला कलक्टर ने उपखण्ड एवं तहसील कार्यालय नीमराणा की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर अभिलेखों एवं दस्तावेजों की जांच की। उन्होंने लंबित राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेकर पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
*जल संरक्षण एवं भू-जल संचयन कार्यों का किया अवलोकन*
दौरे के दौरान जिला कलक्टर ने वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान के अंतर्गत संचालित जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण गतिविधियों का निरीक्षण किया। उन्होंने मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान 2.0 एवं वाटरशेड विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों में तेजी लाने तथा वर्षा जल संचयन के प्रति आमजन को जागरूक करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पंचायत समिति नीमराणा क्षेत्र में मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान 2.0 के द्वितीय चरण अंतर्गत स्वीकृत मोखलाहोड़ी जोहड़ में जोहड़ खुदाई एवं इनलेट निर्माण कार्य तथा ग्राम माजरा स्थित बैठक वाला जोहड़ निर्माण कार्य का निरीक्षण कर कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करवाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
दौरे के दौरान उपखण्ड अधिकारी नीमराणा महेंद्र यादव, तहसीलदार विक्रम सिंह, सीएमएचओ डॉ. आशीष सिंह शेखावत, जल ग्रहण विकास एवं भू-संरक्षण विभाग के अधीक्षण अभियंता ताराचंद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


