सीकर जिला प्रभारी मंत्री ने श्री कल्याण अस्पताल का किया औचक निरीक्षण—
श्री संजय शर्मा ने मरीजों से सुविधाओं की ली जानकारी—
अस्पताल में मिली व्यवस्थाओं से मंत्री संतुष्ट
जयपुर/27 मई/अटल हिन्द ब्यूरो/दिनेश जांगिड़
वन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं सीकर जिला प्रभारी मंत्री संजय शर्मा ने बुधवार को सीकर के श्री कल्याण अस्पताल पहुंचकर अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया तथा मरीजों को उपलब्ध करवाई जा रही चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से कुशलक्षेम पूछी तथा कहा कि राज्य सरकार आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने मरीजों से उपचार, दवाइयों एवं अस्पताल की व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक लेते हुए किसी भी प्रकार की समस्या होने पर अस्पताल प्रशासन को तत्काल अवगत करवाने की बात कही।
संजय शर्मा ने अस्पताल की आईसीयू यूनिट का निरीक्षण कर पीएमओ से गंभीर मरीजों के उपचार, उपलब्ध चिकित्सकीय संसाधनों एवं ब्लड की उपलब्धता के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाए। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को आवश्यक दवाइयों एवं चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने मनोचिकित्सा वार्ड एवं मेल मेडिकल वार्ड का भी जायजा लिया। उन्होंने वार्डों में भर्ती मरीजों की व्यवस्थाओं, साफ-सफाई एवं चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी लेते हुए अस्पताल परिसर एवं शौचालयों की स्वच्छता व्यवस्था का स्वयं निरीक्षण किया। उन्होंने शौचालयों में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने तथा हाथ धोने के लिए साबुन एवं अन्य आवश्यक सामग्री उपलब्ध रखने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री ने अस्पताल के रामाश्रय वार्ड का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली तथा निर्देश दिए कि इस वार्ड में केवल वृद्धजन मरीजों को ही रखा जाए ताकि उन्हें शांत एवं बेहतर वातावरण में उपचार सुविधा उपलब्ध हो सके। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को वृद्ध मरीजों की विशेष देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
प्रभारी मंत्री ने अस्पताल की ओपीडी का निरीक्षण कर मरीजों की पंजीयन व्यवस्था, चिकित्सकीय परामर्श एवं दवा वितरण व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि अस्पताल में आने वाले मरीजों को समय पर जांच एवं उपचार सुविधा उपलब्ध करवाना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन को चिकित्सा सेवाओं के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े तथा अस्पताल में सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी रूप से संचालित हों।
इस अवसर पर धोद विधायक श्री गोरधन वर्मा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर श्री रतन कुमार, डिप्टी पीएमओ डॉ. कैलाश चौधरी, डॉ. मिथलेश सागर, श्री मगन सिंह शेखावत, श्री मनोज बाटड़, श्री नेमीचंद कुमावत, श्री कमल सिखवाल भी उपस्थित रहे।


