– सरकार की प्रोत्साहन योजनाओं पर विभाग करे पूरी गंभीरता से कार्यः एडीएम
जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में दिए निर्देश
सरकार की प्रोत्साहन योजनाओं पर विभाग करे पूरी गंभीरता से कार्यः एडीएम
जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में दिए निर्देश
प्रतापगढ़/16 जून/अटल हिन्द ब्यूरो
अतिरिक्त जिला कलेक्टर विजयेश कुमार पंड्या ने जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की ऐसी योजनाएं जिनका सीधा लाभ आमजन को मिलता है, उनमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जननी शिशु सुरक्षा योजना, लाडो प्रोत्साहन योजना एवं टीबी रोगियों के लिए संचालित प्रोत्साहन योजनाओं की राशि शत-प्रतिशत लाभार्थियों के खातों में समय पर हस्तांतरित करने के निर्देश दिए।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए एडीएम ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग एवं फीडबैक प्रदेश स्तर पर लिया जाता है। ऐसे में सभी अधिकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जीवराज मीणा ने विभाग की मासिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए आयुष्मान आरोग्य योजना, लाडो प्रोत्साहन योजना, टीबी मुक्त भारत अभियान, गैर संचारी एवं संचारी रोग कार्यक्रम, मां वाउचर योजना, जननी एक्सप्रेस तथा 104 एवं 108 एम्बुलेंस सेवाओं व अन्य योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गत बैठक में जिला कलेक्टर द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार एवं विभिन्न स्वास्थ्य संकेतकों में प्रगति लाने के निर्देश दिए गए थे, जिनके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं।
डॉ. मीणा ने कहा कि बैठकों का उद्देश्य केवल आंकड़ों की समीक्षा नहीं, बल्कि आमजन तक स्वास्थ्य सेवाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाना है। उन्होंने क्षतिग्रस्त स्वास्थ्य भवनों, लंबित भूमि पट्टों एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए।
बैठक में अस्पतालों में साफ-सफाई, संक्रमण नियंत्रण, चिकित्सा प्रोटोकॉल के अनुरूप उपचार व्यवस्था तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की नियमित मॉनिटरिंग पर भी जोर दिया गया। एडीएम ने स्वास्थ्य शिविरों में चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की पूर्ण उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा मौके पर ही ई-केवाईसी, एनसीडी स्क्रीनिंग एवं टीकाकरण जैसी सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला चिकित्सालय के पीएमओ डाॅ. धीरज सेन, डिप्टी सीएमएचओ डाॅ. विनोद खांट, डीटीओ डाॅ. नरेंद्र बर्मा, डीपीसी डाॅ. अंकित अग्रवाल, बीसीएमओ डाॅ. विजय गर्ग, डाॅ. राजेष बिजारणिया, डाॅ. जितेंद्र बगड़िया के साथ अन्य चिकित्साधिकारी मौजूद थे।
मलेरिया नियंत्रण पर विशेष फोकस
मानसून की सक्रियता को देखते हुए बैठक में डेंगू, चिकनगुनिया एवं मलेरिया जैसी मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम की तैयारियों की समीक्षा की गई। सीएमएचओ डॉ. जीवराज मीणा ने सभी चिकित्सा अधिकारियों को आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने, संदिग्ध रोगियों की समय पर जांच एवं उपचार तथा क्षेत्र में एंटी-लार्वल गतिविधियां और फॉगिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए।
स्टॉप डायरिया कैंपेन का शुभारंभ
बैठक के दौरान स्टॉप डायरिया कैंपेन का जिला स्तरीय शुभारंभ अतिरिक्त जिला कलेक्टर बृजेश पांडे द्वारा किया गया। इस अवसर पर डॉ. जीवराज मीणा ने बताया कि यह अभियान 16 जून से 31 जुलाई तक संचालित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य बच्चों में डायरिया के कारण होने वाली मृत्यु को रोकना एवं समय पर उपचार सुनिश्चित करना है। इस संबंध में आईईसी का विमोचन किया गया। सीएमएचओ ने बताया कि सभी स्वास्थ्य संस्थानों में ओआरएस एवं जिंक कॉर्नर स्थापित किए गए हैं तथा व्यापक जन-जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी। उन्होंने सभी बीसीएमओ को अभियान की नियमित मॉनिटरिंग एवं फीडबैक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


