एक पेड़ मां के नाम 3.0 अभियान की शुरुआत
शिक्षा विभाग व परवाज़ एक उड़ान चैरिटेबल ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में 15000 पौधे वितरित होंगे ।
नरवाना /12 जुलाई 2026/ नरेन्द्र जेठी
आज शिक्षा विभाग, हरियाणा एवं परवाज़ एक-उड़ान चैरिटेबल ट्रस्ट नरवाना के संयुक्त तत्वावधान में एक पेड़ मां के नाम 3.0 अभियान की शुरुआत पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नरवाना से की गई।
कार्यक्रम में मुख्यातिथि जगदीश चन्द्र उपमंडल अधिकारी नरवाना व जगदीप ढांडा चेयरमैन परवाज़ एक उड़ान ने शिरकत की। कार्यक्रम में खंड शिक्षा अधिकारी संतोष कुमारी ने मुख्यातिथि परवाज़ एक उड़ान चैरिटेबल ट्रस्ट के पदाधिकारियों व सदस्यों, विद्यालयों के प्राचार्यों तथा समस्त अध्यापकगण का स्वागत किया। सर्वप्रथम दोनों अधिकारियों द्वारा विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया गया। इसके पश्चात पौधों की पहली खेप को हरी झंडी दिखाकर विभिन्न विद्यालयों के लिए रवाना किया गया।
खंड शिक्षा अधिकारी ने बताया कि हम सबके लिए गर्व का विषय है कि परवाज़ एक उड़ान चैरिटेबल ट्रस्ट पिछले 2 वर्षों से खंड नरवाना के सभी राजकीय व अराजकीय विद्यालयों में नि:शुल्क पौधा वितरण का कार्य कर रही है। पिछले वर्षों में 27,000 पौधे ट्रस्ट द्वारा वन विभाग से लेकर नि:शुल्क 70 राजकीय विद्यालयों में पहुंचाए थे।इस वर्ष भी इनके द्वारा 15,000 पौधे भिजवाए जाने हैं।
पर्यावरण संरक्षण के इस नेक कार्य के लिए शिक्षा विभाग की ओर से ट्रस्ट की पूरी टीम का हृदय से धन्यवाद किया । उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में नि:शुल्क वितरित किए गए पौधों में से 67 प्रतिशत पौधे जीवित अवस्था में हैं। इस उपलब्धि के लिए उन्होंने खंड के सभी विद्यालयों के मुखियाओं व स्टाफ का धन्यवाद किया।

उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी शिक्षा विभाग और ट्रस्ट मिलकर इसी प्रकार समाज सेवा के कार्य करते रहेंगे। संतोष कुमारी ने आगे कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ इस ट्रस्ट ने एक और सराहनीय कार्य किया है। ट्रस्ट ने राजकीय विद्यालयों के जरूरतमंद विद्यार्थियों को गोद लिया है और उनकी पढ़ाई का पूरा खर्च वहन कर रही है।
2022 में मात्र 15 विद्यार्थियों से शुरू हुई यह मुहिम आज 1003 विद्यार्थियों तक पहुंच चुकी है। इनका केवल एक ही उद्देश्य है कि कोई भी जरूरतमंद विद्यार्थी पढ़ाई से वंचित न रहे।
उपमंडल अधिकारी ने भी ट्रस्ट द्वारा समाज हित में किये जा रहे कार्यों के लिए मंच से प्रशंसा की । मुख्यअतिथि ने भी शिक्षा विभाग के अधिकारिओं व विद्यालय प्रभारिओं का ट्रस्ट के सामाजिक कार्यों में सहयोग के लिए धन्यवाद् किया । दोनों अतिथियों ने अपने सम्बोधन में विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण और पौधारोपण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने ज्यादा से ज्यादा पौधरोपण व पौधों के रखरखाव पर ध्यान देने की बात कही । अंत में विद्यार्थियों को पौधा वितरण किया गया
Add A Comment

