परिषद चेयरमैन और वाइस चेयरमैन के झगड़े में विधायक बिमला की बल्ले बल्ले- सुधीर चौधरी
भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार में इंजन ही फेल होते दिखाई दे रहे भाजपा के वाइस चेयरमैन द्वारा भ्रष्टाचार के आरोप भाजपा पर ही हमला विधायक विमला चौधरी बताएं की मौजूदा कार्यकाल में कितनी सड़के बनवाई
पटौदी/12 जुलाई 2026 /अटल हिन्द /फतह सिंह उजाला
पटौदी जाटोली मंडी परिषद के चेयरमैन प्रवीण ठाकरिया और वाइस चेयरमैन अमित शर्मा के बीच खींचतान को लेकर विधायक विमला चौधरी अपनी राजनीतिक रोटियां सेक रही है। सही मायने में भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार के इंजन ही फेल हो चुके हैं । मौजूदा समय में पटौदी विधानसभा क्षेत्र में विकास और सुविधाओं के नाम पर केवल और केवल हर तरफ समस्याएं मुंह खोले खड़ी हुई दिखाई दे रही है। मानसून के सीजन में विधायक विमला चौधरी के द्वारा दर्जनों सड़क बनवाने की मंजूरी का दावा किया जा रहा है। विधायक विमला चौधरी को यह जवाब देना चाहिए कि मौजूदा अपने कार्यकाल में उनके द्वारा पटौदी विधानसभा क्षेत्र में कितनी सड़के बनवाई जा चुकी हैं। यह बात वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुधीर चौधरी ने संडे को पटौदी में पत्रकारों से पटौदी क्षेत्र की समस्याओं तथा यहां विशेष रूप से परिषद में जनप्रतिनिधियों की टांग खींचाई को लेकर कुछ इसी अंदाज में अपनी बात कही।
सुधीर चौधरी ने कहा विधायक विमला चौधरी विधानसभा में पटौदी क्षेत्र की जनता के हित की मांग उठाने से अधिक अपने चुटकुलों के लिए पूरे हरियाणा में चर्चित हो चुकी हैं । इसी मौके पर विभिन्न विकास कार्यों के मुद्दे को लेकर कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि कथित रूप से पटौदी जाटोली मंडी परिषद के प्रमुख जनप्रतिनिधियों तथा जनता की चुनी हुई पटौदी की जनप्रतिनिधि के बीच कथित रूप से सारी लड़ाई अपने चाहतों को टेंडर दिलवाने की है। उन्होंने कहा पटौदी जाटोली मंडी परिषद में भाजपा के ही वाइस चेयरमैन, भाजपा विधायक विमला चौधरी के सामने लगातार भ्रष्टाचार के आरोप भाजपा सरकार के ही विभिन्न विभागों सहित अधिकारियों पर लगाते दिखाई दिए। हैरानी इस बात की है कि एक बार भी भाजपा नेता के द्वारा लगाए जा रहे भ्रष्टाचार के आरोपी को भाजपा की विधायक विमला चौधरी के द्वारा ने तो गंभीरता से लिया गया और नहीं जांच के लिए लिखित में मांग की गई।
कांग्रेस नेता सुधीर चौधरी ने कहा आम जनता को मूलभूत जरूरत अथवा सुविधा में शिक्षा ,स्वास्थ्य, रोजगार प्राथमिकता से उपलब्ध होने चाहिए। पटौदी क्षेत्र के विभिन्न ग्रामीण इलाकों सहित परिषद क्षेत्र में भी सबसे गंभीर समस्या मौजूदा समय में स्वच्छ पीने के पानी की बनी हुई है ।हालात यहां तक बदतर हो गए हैं कि लगातार तीन टाइम – चार टाइम लोगों को पीने का पानी भी नहीं मिल रहा है । विभिन्न स्थानों से गंदे पीने के पानी की आपूर्ति की भी शिकायतें मिल रही है। मानसून के दौरान विभिन्न स्थानों पर दूषित पेयजल आपूर्ति तथा गंदा पानी भरा होने से सीजनल बीमारियां होने का भी डर बना हुआ है । उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा 15 दिन में एक बार फिर से समीक्षा की जाएगी और यदि इसी प्रकार से आम जनता की शिकायतें मिली तो जनता के हक की लड़ाई के लिए बड़ा आंदोलन भी किया जाएगा।
Add A Comment

