पानीपत व पलवल डीसी सहित 24 अधिकारियों के तबादले, हरियाणा सरकार ने जारी किए आदेश
चंडीगढ़, 25 मई (अटल हिन्द ब्यूरो)।
हरियाणा सरकार ने सोमवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 6 आईएएस अधिकारियों समेत 24 प्रशासनिक अधिकारियों के नियुक्ति एवं तबादला आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल में पानीपत और पलवल के उपायुक्त (डीसी) भी बदले गए हैं।
सरकार द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, पानीपत के डीसी वीरेंद्र सिंह दहिया को उनके पद से हटाकर सचिवालय स्थापना में विशेष सचिव नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें पर्यावरण विभाग के निदेशक तथा पर्यावरण, वन एवं वन्य जीव विभाग के विशेष सचिव का अतिरिक्त दायित्व भी सौंपा गया है।
पलवल के डीसी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ को स्थानांतरित कर पानीपत का नया डीसी बनाया गया है। वहीं वित्त विभाग के विशेष सचिव डॉ. जनेंद्र कुमार छिल्लर को पलवल का नया डीसी नियुक्त किया गया है।
सम्वर्तक सिंह को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) फरीदाबाद का प्रशासक नियुक्त किया गया है। स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के मिशन निदेशक सास्वत सांगवान को हरियाणा परिवार पहचान-पत्र प्राधिकरण के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है।
हिसार के एडीसी उत्सव आनंद को पलवल का एडीसी लगाया गया है, जबकि हिसार नगर निगम की अतिरिक्त आयुक्त शालिनी चेतल को हिसार का नया एडीसी बनाया गया है। मनीष कुमार लोहान को सिविल एविएशन विभाग में अतिरिक्त निदेशक नियुक्त किया गया है।
रुचि सिंह बेदी को आबकारी एवं कराधान विभाग की अतिरिक्त आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। आशुतोष राजन अब विकास एवं पंचायत विभाग में अतिरिक्त निदेशक के रूप में सेवाएं देंगे।
शाहबाद के एसडीएम शम्भू को फरीदाबाद एनआईटी नगर निगम में संयुक्त आयुक्त नियुक्त किया गया है। नियुक्ति आदेशों की प्रतीक्षा कर रहे डॉ. कुलदीप सिंह को बिलासपुर का एसडीएम बनाया गया है।
मनोज कुमार को नारनौल में आरटीए सचिव नियुक्त किया गया है, जबकि जसपाल सिंह अब छछरौली के एसडीएम होंगे। पिहावा के एसडीएम अनिल कुमार दून को जींद में जिला पालिका आयुक्त लगाया गया है।
इसके अलावा अंकिता अधिकारी को स्वास्थ्य सेवाएं हरियाणा में संयुक्त निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। अमित मान को फरीदाबाद नगर निगम का सचिव नियुक्त किया गया है। सोनीपत शुगर मिल के एमडी अनमोल को जिला परिषद सोनीपत के सीईओ का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है।
सरकार ने अप्रीतम सिंह को नूंह का सिटी मजिस्ट्रेट, मोनिक को डिपार्टमेंट ऑफ फ्यूचर की संयुक्त निदेशक तथा पदम सिंह को कैथल का सिटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है। वहीं कुरुक्षेत्र के सिटी मजिस्ट्रेट आशीष कुमार को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, कुरुक्षेत्र के ईओ का अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया है।


