हरियाणा में आफत की बारिश: सोनीपत में छत गिरने से दो महिलाओं की मौत, गुरुग्राम में जलभराव से हाहाकार, ट्रैफिक पुलिस ने दी ‘Work From Home’ की सलाह
आफत की बारिश: हरियाणा में छत गिरने से देवरानी-जेठानी की मौत, गुरुग्राम डूबा!
चंडीगढ़, 08 जुलाई 2026 (अटल हिन्द ब्यूरो):
हरियाणा में बीते 24 घंटों से हो रही मूसलाधार बारिश ने जहाँ भीषण गर्मी से राहत दी है, वहीं कई जिलों में भारी तबाही और जलभराव की स्थिति पैदा कर दी है। गुरुग्राम, सोनीपत, रेवाड़ी और फरीदाबाद समेत दक्षिण जिलों में जोरदार बारिश से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। सबसे दर्दनाक हादसा सोनीपत में सामने आया है, जहाँ बारिश के कारण एक पुराना मकान ढहने से दो महिलाओं की जान चली गई।

सोनीपत में देवरानी-जेठानी की मलबे में दबकर मौत
सोनीपत जिले के गोहाना के अंतर्गत आने वाले गांव महमूदपुर में बीती रात बारिश के चलते एक पुराने मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के वक्त मकान के भीतर सो रही देवरानी और जेठानी मलबे के नीचे दब गईं। परिजनों ने आनन-फानन में दोनों को मलबे से बाहर निकाला और खानपुर मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने सुनील (55) और बिमला (56) को मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद से गांव में मातम का माहौल है। सोनीपत में जलभराव पर स्थानीय विधायक निखिल मदान ने अधिकारियों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और ठेकेदारों पर सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
गुरुग्राम में 83mm बारिश से आफत: धंस गई सड़क, WFH की अपील
साइबर सिटी गुरुग्राम में मंगलवार से शुरू हुआ बारिश का दौर बुधवार सुबह तक आफत बन गया। यहाँ पिछले कुछ घंटों में रिकॉर्ड 83 एमएम (mm) बारिश दर्ज की गई है। भारी बारिश के चलते दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे और नरसिंहपुर इलाके में मुख्य सड़क का एक बड़ा हिस्सा धंस गया, जिससे कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। 10 मिनट का रास्ता तय करने में लोगों को आधे घंटे से अधिक का समय लग रहा है। एरिया मॉल के सामने और गुरुग्राम-सोहना रोड पूरी तरह जलमग्न हैं।
बिगड़ते हालात को देखते हुए गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने सोशल मीडिया पर एक एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने कॉरपोरेट और निजी कंपनियों से अपील की है कि वे अगले कुछ दिनों तक अपने कर्मचारियों को ‘वर्क फ्रॉम होम’ (Work From Home) की सुविधा दें, ताकि सड़कों पर गाड़ियों की भीड़ कम हो और आपातकालीन सेवाओं को सुचारू रूप से चलाया जा सके।
नूंह में भी जलभराव, वीआईपी कार्यक्रम को लेकर बढ़ी चिंता
नूंह जिले के तावडू नगर, अनाज मंडी और वार्ड नंबर-10 में भारी जलभराव के चलते यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। मिनी सचिवालय के पास भी घुटनों तक पानी भर गया है। इस बीच, तावडू उपमंडल के गांव झामुवास में आगामी 12 जुलाई को भारत के माननीय मुख्य न्यायाधीश सूर्य कांत का एक कार्यक्रम प्रस्तावित है। भारी बारिश और सड़कों पर जमा पानी ने अब जिला प्रशासन की चिंताएं बढ़ा दी हैं।
करनाल में दावों की खुली पोल, किसानों के चेहरे खिले
करनाल में मूसलाधार बारिश ने एक तरफ जहां नगर निगम के मॉनसून की तैयारियों के दावों की पोल खोल दी, वहीं दूसरी तरफ किसानों के चेहरे खिला दिए हैं। स्थानीय पार्षद प्रतिनिधि वीर विक्रम ने आरोप लगाया कि नालों और सीवरेज की सफाई के टेंडर काफी देरी से जारी किए गए, जिसका खामियाजा जनता भुगत रही है। हालांकि, स्थानीय निवासियों और किसानों का कहना है कि धान की फसल के लिए यह बारिश किसी वरदान से कम नहीं है, क्योंकि काफी दिनों से पड़ रही चिलचिलाती गर्मी से फसलें सूख रही थीं।
मौसम वैज्ञानिक की राय: 11 जुलाई तक पूरे हरियाणा में छाएगा मॉनसून
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) हिसार के मौसम वैज्ञानिक डॉ. मदन लाल खिचड़ ने बताया कि वर्तमान में मॉनसून की गति थोड़ी धीमी है, जिसके कारण पूरे प्रदेश में एक साथ बारिश नहीं हो रही है। फिलहाल उत्तरी और दक्षिणी हरियाणा में मॉनसून पूरी तरह सक्रिय है।
अगले 3 दिनों का अलर्ट: पश्चिमी हरियाणा के जिलों (सिरसा, हिसार, फतेहाबाद, भिवानी, चरखी दादरी) में अगले 3 दिनों के भीतर मॉनसून सक्रिय हो जाएगा। 10 से 11 जुलाई तक पूरा हरियाणा भारी बारिश की जद में होगा।
तापमान में गिरावट: प्रदेश में अधिकतम तापमान 35 से 39 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जिसमें अगले कुछ दिनों में 2 से 3 डिग्री की और गिरावट आएगी।
किसे क्या सलाह: किसानों को सलाह दी गई है कि यह समय धान की रोपाई के लिए बेहद अनुकूल है। हालांकि, बाजरे की बिजाई 11 जुलाई के बाद ही करें ताकि जमीन में पर्याप्त नमी बनी रहे। नरमा और कपास की फसलों में निराई-गुड़ाई का काम शुरू किया जा सकता है।

