बार-बार स्पार्किंग से ठप हो रही राईस मिल की सप्लाई, समाधान न होने पर उपभोगता ने खटखटाया अदालत का दरवाजा
केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट़्टर को शिकायत भेजनें के बाद भी नहीं हुआ समाधान
तरावड़ी, 3 मई (रोहित लामसर)।
बार-बार स्पार्किंग से ठप हो रही राईस मिल की सप्लाई को लेकर अब बिजली उपभोगता ने अदालत का दरवाजा खटखटाया ओर लापरवाह अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के मुताबिक तरावड़ी के उद्योगपति विनीत बंसल ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इस मामले की शिकायत केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट़्टर को करने के बावजूद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।
आरोप है कि विभाग की लापरवाही के कारण निजी लाइन पर दूसरे उद्योग का कनेक्शन जोड़ दिया गया, जिससे बार-बार स्पार्किंग हो रही है और बिजली सप्लाई बाधित हो रही है। इधर बिजली विभाग का कहना है कि यहाँ पांच कनेक्शन जोड़े जा सकते है।
तरावड़ी निवासी उद्योगपति विनीत बंसल ने शिकायत में बताया कि उनके जी.वी. गॉड विष्णु राइस एक्सपोर्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के नाम से बिजली कनेक्शन अकाउंट नंबर 5023011000 है। वर्ष 2020 में उन्होंने अपने प्लांट के लिए विभाग से निजी इंडिपेंडेंट फीडर लाइन स्वीकृत करवाई थी, जिसके लिए करीब 1 लाख 94 हजार 750 रुपये की राशि जमा करवाई गई थी।
शिकायत के अनुसार, निजी फीडर होने के बावजूद विभाग के संबंधित कर्मचारियों ने उसी लाइन पर एक अन्य उद्योग गुरु कृपा राइस का कनेक्शन जोड़ दिया। बंसल का कहना है कि उनके फीडर की वायरिंग इंसुलेटेड है, जबकि दूसरे उद्योग की ओपन वायरिंग होने के कारण बारिश और तूफान के दौरान स्पार्किंग की समस्या पैदा हो रही है।
इससे कई बार बिजली सप्लाई बाधित हो जाती है और उद्योग का काम प्रभावित होता है। उन्होंने बताया कि 3 मई 2026 को बिजली कि सप्लाई काफी देर तक प्रभावित रही। जिसके कारण उन्हें उद्योग पर काफी गहरा असर पड़ा।
इससे पहले 23 जनवरी 2026 को आए तूफान के दौरान स्पार्किंग के कारण दोपहर करीब 12 बजे से शाम 5 बजे तक बिजली बंद रही। यही नहीं 15 मार्च 2026 की रात भी लगभग 10 बजे भी ओपन वायरिंग में स्पार्किंग होने से फ्यूज और जम्पर उड़ गए, जिसके चलते बिजली सप्लाई फिर से ठप हो गई।
उद्योगपति का आरोप है कि इस संबंध में कई बार नीलोखेड़ी के जे.ई को शिकायत दी गई, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं किया गया। उन्होंने मांग की है कि उनके निजी फीडर से अन्य कनेक्शन तुरंत हटाया जाए और मामले में लापरवाही बरतने वाले संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। विनित बंसल ने अब इस मामले मे अदालत का दरवाजा खटखटाया।
वर्जन :- इस मामले में नीलोखेड़ी बिजली विभाग के एस.डी.ओ. अंकित से जब बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि विभाग इंडिपेंडेंट फीडर लाइन में पांच कनैक्शन जोड़ सकता है। यह सप्लाई ठीक चल रही है।
Add A Comment


