तरावड़ी, 22 अप्रैल (रोहित लामसर)।
तरावड़ी शहर में उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक युवक सुबह के समय कुएं पर पूजा करने पहुंचा। जैसे ही उसने कुएं में झांककर देखा तो अंदर का मंजर देख उसके होश उड़ गए। कुएं के अंदर एक शव पड़ा था, शव देखने के बाद लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। आसपास के लोगों को सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। इसी बीच पुलिस जांच के बाद मृतक युवक की पहचान हो गई है, जो तरावड़ी शहर के वार्ड नंबर-3, गुरुद्वारा रोड पर रहने वाले सतपाल उर्फ़ सत्ते के रूप में हुई है। सत्ते के दो बेटे ओर दो बेटियां हैं।


फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के मर्चरी हाउस में भेज दिया है। मृतक के घर में इस घटना के बाद कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है और पूरे इलाके में मातम का माहौल है। बताया जा रहा है कि मृतक परिवार का सहारा था और अब पीछे कोई कमाने वाला नहीं बचा। स्थानीय लोगों का मानना है कि मृतक ने संभवतः शराब पी रखी होगी और इसी दौरान वह संतुलन खोकर कुएं में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। हालांकि, पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। पुलिस की जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा हो पाएगा। जांच अधिकारी सुखविंद्र ने कहा कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के हवाले किया जाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
Add A Comment


