भोपाल में ट्विशा शर्मा मौत मामले की जांच अब सीबीआई के हाथों में
भोपाल /27 मई / अटल हिन्द ब्यूरो
भोपाल की पूर्व मॉडल और अभिनेत्री ट्विशा शर्मा की मौत के मामले में जांच लगातार गहराती जा रही है। बुधवार को भोपाल की अदालत ने ट्विशा के पति समर्थ सिंह को केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की हिरासत में भेज दिया। इससे पहले मध्यप्रदेश पुलिस की एसआईटी इस मामले की जांच कर रही थी, लेकिन अब पूरी जांच सीबीआई को सौंप दी गई है।
ट्विशा शर्मा 12 मई को भोपाल स्थित अपने ससुराल के घर में संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी पर लटकी मिली थीं। इस घटना के बाद परिवार ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए थे। परिजनों का कहना है कि शादी में दिए गए दहेज से ससुराल वाले संतुष्ट नहीं थे और लगातार ट्विशा को मानसिक एवं घरेलू प्रताड़ना दी जा रही थी।
पति समर्थ सिंह पहले ही हो चुका था गिरफ्तार
मामले में आरोपी पति समर्थ सिंह करीब 10 दिन तक फरार रहा था। बाद में 22 मई को उसे जबलपुर से गिरफ्तार किया गया। एसआईटी ने उसे भोपाल लाकर अदालत में पेश किया था, जहां से उसे सात दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया था।
इसी बीच सोमवार को सीबीआई ने इस हाई प्रोफाइल मामले की जांच अपने हाथ में ले ली। इसके बाद आरोपी को दोबारा अदालत में पेश किया गया, जहां सीबीआई ने हिरासत की मांग की। अदालत ने सीबीआई की मांग स्वीकार करते हुए समर्थ सिंह को एजेंसी की कस्टडी में भेज दिया।
दहेज मृत्यु और क्रूरता की धाराओं में केस दर्ज
सीबीआई ने मध्यप्रदेश पुलिस की एफआईआर को दोबारा दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की धारा 80(2) (दहेज मृत्यु), धारा 85 (पति या रिश्तेदार द्वारा क्रूरता) और धारा 3(5) सहित दहेज निषेध अधिनियम की धाराएं लागू की हैं। ये वही धाराएं हैं जो पहले राज्य पुलिस ने भी लगाई थीं।
वकीलों के मुताबिक, बुधवार को अदालत में हुई कार्यवाही केवल औपचारिक प्रक्रिया थी और अब इस मामले से जुड़ी आगे की कानूनी कार्रवाई सीबीआई अदालत में होगी।
सास के बयान से मामला और चर्चा में
जहां ट्विशा के परिजन लगातार दहेज प्रताड़ना और घरेलू हिंसा के आरोप लगा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर ट्विशा की सास ने मीडिया इंटरव्यू में उनकी मानसिक स्थिति और इलाज को लेकर सवाल उठाए हैं। इस बयान के बाद मामला और संवेदनशील हो गया है।
33 वर्षीय ट्विशा शर्मा पूर्व में ‘मिस पुणे’ रह चुकी थीं और मॉडलिंग के साथ अभिनय की दुनिया में भी सक्रिय थीं। उनकी मौत के बाद सोशल मीडिया पर भी इस मामले को लेकर लगातार बहस जारी है।


