पार्वती नदी में दर्दनाक हादसा, बच्चे को बचाने के प्रयास में चार लोगों की मौत
बारां /16 जून 2026 /अटल हिन्द ब्यूरो
राजस्थान के बारां जिले के छबड़ा क्षेत्र स्थित गुगोर गांव की पार्वती नदी में मंगलवार को एक हृदयविदारक हादसा हो गया। नदी में नहाने के दौरान एक पांच वर्षीय बच्चा गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के लिए नदी में उतरे चार लोग स्वयं गहरे पानी में फंस गए और डूबने से उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
छबड़ा थाना अधिकारी राजेश खटाना ने बताया कि मृतक एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गांव आए हुए थे। मंगलवार को वे पार्वती नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान गुड्डी बाई का पांच वर्षीय पुत्र शबीर गहरे पानी में चला गया। बच्चे को बचाने के लिए गुड्डी बाई और अन्य लोग नदी में उतरे। बच्चे को सुरक्षित बचा लिया गया, लेकिन चार लोग डूब गए।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों, प्रशासन और पुलिस ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। काफी प्रयासों के बाद चारों को नदी से बाहर निकालकर छबड़ा चिकित्सालय पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
मृतकों की पहचान
- गुड्डी बाई (45), पत्नी रशीद खान, निवासी नया मोहल्ला, छीपाबड़ौद
- अरमान (17), पुत्र बंटी गोरी, निवासी हट्टी मिल, गुना (मध्य प्रदेश)
- सलाम (22), पुत्र रशीद खान, निवासी नया मोहल्ला, छीपाबड़ौद
- यूनुस खान (18), पुत्र बंटी गोरी, निवासी हट्टी मिल, गुना (मध्य प्रदेश)
पुलिस ने बताया कि मामले की आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर ली गई है। प्रशासन ने लोगों से नदियों और जलाशयों में नहाते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।


