केयू पीजी पाठ्यक्रमों में 3276 सीटों के लिए 7388 आवेदन प्राप्त
दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि आज
एमसीए, एमबीए, एलएलबी, एमए अंग्रेजी, बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन, एमएससी रसायन विज्ञान और मनोविज्ञान में सर्वाधिक रुचि
कुरुक्षेत्र/17 जून/अटल हिन्द ब्यूरो /शशि अरोड़ा
कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. सोमनाथ सचदेवा के निर्देशानुसार केयू के विभिन्न स्नातकोत्तर (पीजी) पाठ्यक्रमों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवदेन की अंतिम तिथि 18 जून है।
लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि अभी तक पीजी पाठ्यक्रमों में 3276 सीटों के लिए कुल 7388 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि एमसीए, एमबीए, एलएलबी, एमए अंग्रेजी, बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन, एमएससी रसायन विज्ञान और मनोविज्ञान सहित अन्य विषयोें में विद्यार्थियों ने दाखिले में सर्वाधिक रुचि दिखाई है।
प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि मास्टर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन (एमसीए) में 557, एमबीए (बजटेड) में 533, एलएलबी (प्रोफेशनल) में 531 तथा एमबीए (सेल्फ फाइनेंस) में 311 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इससे स्पष्ट है कि विद्यार्थियों का झुकाव तकनीकी, प्रबंधन और विधि शिक्षा की ओर लगातार बढ़ रहा है।
विज्ञान संकाय के पाठ्यक्रमों में भी विद्यार्थियों की विशेष रुचि देखने को मिली है। एमएससी रसायन विज्ञान में 252, एमएससी जूलॉजी में 234, एमएससी भूगोल में 190, एमएससी बॉटनी में 184, एमएससी गणित में 175, एमएससी भौतिकी में 167 तथा एमएससी कंप्यूटर साइंस (सॉफ्टवेयर) में 155 आवेदन प्राप्त हुए हैं। वहीं एमएससी बायोटेक्नोलॉजी में 150, माइक्रोबायोलॉजी में 121 और फोरेंसिक साइंस में 111 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
वहीं एमए अंग्रेजी के लिए 273, एमए मनोविज्ञान 261, एमए राजनीति विज्ञान 240, एमए इतिहास 151 तथा एमए हिंदी के लिए 68 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इसके अतिरिक्त एमए अर्थशास्त्र में 114, एमए लोक प्रशासन में 64, एमए समाजशास्त्र में 50 तथा एमए पत्रकारिता एवं जनसंचार में 51 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
कानून संकाय में एलएलबी के अतिरिक्त एलएलएम (बजटेड) के लिए 379 तथा एलएलएम (एसएफएस) के लिए 217 आवेदन प्राप्त हुए हैं। शिक्षा एवं खेल से जुड़े पाठ्यक्रमों में बी.पी.एड. के लिए 151 तथा एम.पी.एड. के लिए 134 आवेदन प्राप्त हुए हैं। वाणिज्य एवं प्रबंधन क्षेत्र में एम.कॉम के लिए 180 आवेदन प्राप्त हुए हैं। वहीं होटल प्रबंधन, पर्यटन एवं यात्रा प्रबंधन, पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान तथा सामाजिक कार्य जैसे व्यावसायिक पाठ्यक्रमों में भी विद्यार्थियों की अच्छी रुचि देखने को मिली है।
लोक सम्पर्क विभाग के निदेशक प्रो. महासिंह पूनिया ने बताया कि पीजी पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 18 जून निर्धारित है। इच्छुक अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट या केयू आईयूएमएस पोर्टल पर जाकर दाखिला संबंधी जानकारी प्राप्त कर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।


