के एम राजकीय महाविद्यालय में ‘टीचिंग एट द राइट लेवल ’ विषय पर विशेष प्रशिक्षण सत्र का आयोजन।
नरवाना /12 जून /नरेन्द्र जेठी
के एम राजकीय महाविद्यालय नरवाना में प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन द्वारा इंटर्नशिप कार्यक्रम के अंतर्गत ‘टीचिंग एट द राइट लेवल ’ विषय पर एक विशेष प्रशिक्षण सत्र का आयोजन इंटर्नशिप कोऑर्डिनेटर कृष्ण कुमार एवं डॉ राजवीर नैन के निर्देशन में किया गया।
इस प्रशिक्षण को नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति में तैयार मसौदे के रूप में बीए द्वितीय वर्ष के छात्रों के लिए इंटर्नशिप कार्यक्रम के अंतर्गत किया गया। इस प्रशिक्षण शिविर में विशेष तौर से आमंत्रित मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी मिस कल्याणी ने भी संबोधित किया।
इस प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों को बच्चों की सीखने की क्षमता के अनुसार शिक्षण पद्धतियों से परिचित कराना तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रभावी शिक्षण तकनीकों का ज्ञान प्रदान करना था।
प्रशिक्षण सत्र में विशेषज्ञ राज्य प्रमुख श्री राजेंद्र शर्मा, असर एसोसिएट हरियाणा संदीप शर्मा तथा मंडल प्रमुख दिनेश शर्मा एवं प्रतीक ने विद्यार्थियों को बताया कि प्रत्येक बच्चे की सीखने की गति एवं स्तर अलग-अलग होता है।
ऐसे में शिक्षण कार्य बच्चों की कक्षा के बजाय उनके वास्तविक अधिगम स्तर के आधार पर किया जाना चाहिए। इस पद्धति के माध्यम से बच्चों की पढऩे, लिखने तथा गणितीय दक्षताओं में उल्लेखनीय सुधार लाया जा सकता है।
प्रशिक्षकों ने विभिन्न गतिविधियों, समूह कार्यों तथा व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से अध्ययन लेखन एवं वाचन पद्धति की उपयोगिता और प्रभावशीलता को समझाया। साथ ही विद्यार्थियों को अधिगम स्तर के आकलन, शिक्षण सामग्री के उपयोग तथा बच्चों के साथ संवाद स्थापित करने की तकनीकों का भी प्रशिक्षण दिया।
प्रशिक्षण सत्र में इंटर्नशिप से जुड़े विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि यह प्रशिक्षण भविष्य में शिक्षण एवं सामाजिक क्षेत्र में कार्य करने के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। महाविद्यालय प्राचार्या डॉ मीनू सिंह ने प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों को उचित मार्गदर्शन करने में सहायक सिद्ध होते हैं।
नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति को सुचारू रूप से संचालित करने में यह कार्यक्रम अत्यंत सहायक सिद्ध होगा। इस अवसर पर प्रोफेसर राजेश श्योकंद, सविता, मधु, सुखवीर मोर, सुमन ढूल, पूनम व प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर बबीता, वंदना, घनश्याम, अंजू, अमित आदि उपस्थितरहे।
Add A Comment


