एचवीपीएन के 220 केवी सब-स्टेशन सेक्टर-72 में आग, हुआ विस्फोट
220 केवी के दो तथा 66 केवी के पांच विद्युत सब-स्टेशनों की बिजली आपूर्ति प्रभावित
सेक्टर-15, 38, 44, 46, 52, 56 तथा मारुति क्षेत्र के सब-स्टेशनों की बिजली आपूर्ति बाधित
विस्फोट के दौरान करंट ट्रांसफार्मर तथा आसपास लगे पोल्स और उपकरण क्षतिग्रस्त
एचवीपीएन एवं डीएचबीवीएन टीमों के समन्वय से कुछ ही घंटों में सामान्य हुई आपूर्ति
गुरुग्राम, /23 मई 2026/फतह सिंह उजाला
भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान के कारण उत्पन्न थर्मल हीटिंग के चलते गत रात्रि हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम (एचवीपीएन) के गुरुग्राम स्थित सेक्टर-72 के 220 केवी सब-स्टेशन में तकनीकी खराबी उत्पन्न हो गई। करंट ट्रांसफार्मर (सीटी) से तेल रिसाव होने के कारण उसमें आग लग गई तथा ब्रेकर ट्रिप होने से पूर्व ही विस्फोट हो गया। विस्फोट के दौरान करंट ट्रांसफार्मर तथा आसपास लगे पोल्स और उपकरण क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे फॉल्ट उत्पन्न हुआ। इसके चलते गुरुग्राम के 220 केवी के दो तथा 66 केवी के पांच विद्युत सब-स्टेशनों की बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। इस घटना के कारण एचवीपीएन के सेक्टर-15, 38, 44, 46, 52, 56 तथा मारुति क्षेत्र के सब-स्टेशनों की बिजली आपूर्ति बाधित रही। वहीं रैपिड मेट्रो सेवा भी सांय लगभग 7:50 बजे से 8:30 बजे तक प्रभावित रही।
बैक सप्लाई से जल्द सामान्य किया गया सिस्टम
एचवीपीएन के कार्यकारी अभियंता अनिल मलिक, सब-स्टेशन अधिकारियों तथा तकनीकी टीमों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वैकल्पिक स्रोतों से बैक सप्लाई उपलब्ध कराई। रात्रि 8:30 बजे एक सर्किट को सफलतापूर्वक चालू कर दिया गया, जिससे रैपिड मेट्रो की बिजली आपूर्ति पुनः बहाल हो गई।
इसके बाद लगातार युद्धस्तर पर कार्य करते हुए रात्रि 10:22 बजे पूरे सब-स्टेशन सिस्टम को सामान्य कर बिजली आपूर्ति पूरी तरह बहाल कर दी गई। साथ ही मध्य रात्रि तक विस्फोट के दौरान क्षतिग्रस्त हुए करंट ट्रांसफार्मर को भी बदल दिया गया। सभी 66 केवी सब-स्टेशनों के चालू होने के बाद दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) द्वारा 11 केवी फीडरों को चरणबद्ध तरीके से चालू किया गया, जिससे लगभग एक घंटे के भीतर पूरे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति सामान्य हो गई।
रात्रि 11:30 बजे तक बिजली आपूर्ति बहाल
गुरुग्राम सर्कल-1 में सेक्टर-15 तथा मेहरौली रोड सब-स्टेशन से रात्रि 10:30 बजे तक लगभग 95 प्रतिशत बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई थी, जबकि शेष 5 प्रतिशत इंडिपेंडेंट फीडर मध्य रात्रि 1:00 बजे चालू किए गए। इसी प्रकार गुरुग्राम सर्कल-2 में सेक्टर-38, 44, 46, 52, 56 तथा मारुति क्षेत्र के सभी सब-स्टेशनों पर रात्रि 11:30 बजे तक बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई थी।
डीएचबीवीएन तथा एचवीपीएन की टीमों ने आपसी समन्वय और प्राथमिकता के आधार पर कार्य करते हुए दोनों 220 केवी सर्किटों से बिजली आपूर्ति सुचारू कर दी। अधिकारियों एवं तकनीकी कर्मचारियों के त्वरित प्रयासों से प्रभावित क्षेत्रों में शीघ्र बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी।
Add A Comment


