पटियाला लोकोमोटिव वर्क्स क्षेत्र के पास ओवरब्रिज के नीचे कूड़े के ढेर के पास एक नीला ड्रम पड़ा हुआ मिला। एक राहगीर को ड्रम से तेज बदबू आने लगी
पटियाला /27 मई / अटल हिन्द ब्यूरो
पंजाब के पटियाला से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां नीले रंग के ड्रम में एक युवती का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में डर और दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस हत्या की आशंका को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार शाम राजपुरा–सरहिंद रोड पर स्थित पटियाला लोकोमोटिव वर्क्स क्षेत्र के पास ओवरब्रिज के नीचे कूड़े के ढेर के पास एक नीला ड्रम पड़ा हुआ मिला। एक राहगीर को ड्रम से तेज बदबू आने लगी। शक होने पर उसने पास जाकर देखा तो ड्रम के अंदर से मानव हाथ दिखाई दिया। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने ड्रम को खोलकर देखा तो उसके अंदर एक युवती का शव मिला। शुरुआती जांच में मृतका की उम्र करीब 16 से 20 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शव की हालत देखकर पुलिस को हत्या की आशंका है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, युवती के चेहरे पर चोट के निशान और शरीर पर नीले दाग मिले हैं। मृतका के हाथ पर टैटू भी बना हुआ था, जिसके आधार पर उसकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि युवती किसी प्रवासी मजदूर परिवार से हो सकती है।
घटना के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि ड्रम को वहां कौन और कब छोड़कर गया। पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों से गुमशुदगी की रिपोर्ट भी खंगाल रही है।
यह वारदात पिछले साल चर्चित “ब्लू ड्रम मर्डर केस” की याद भी ताजा कर रही है, जिसने पूरे देश को झकझोर दिया था। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और जल्द आरोपियों तक पहुंचने का दावा कर रही है।


