राजस्थान के चर्चित अनु मीणा आत्महत्या मामले में जांच आगे बढ़ने के साथ लगातार नए खुलासे सामने आ रहे हैं। दहेज प्रताड़ना और घरेलू हिंसा से परेशान होकर जान देने वाली अनु मीणा के परिवार ने अब उसके पति और एग्जीक्यूटिव इंजीनियर गौतम मीणा पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
अनु के परिजनों का कहना है कि गौतम मीणा अक्सर उनकी बेटी के साथ मारपीट करता था और दहेज की मांग को लेकर उसे मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था। परिवार का दावा है कि अनु ने कई बार खुद फोन पर अपनी पीड़ा बताई थी।
इस बीच अनु की मां ने एक और सनसनीखेज आरोप लगाया है। उनका कहना है कि गौतम मीणा के घर में काम करने वाली बाई के साथ अवैध संबंध थे। परिवार का आरोप है कि अनु के दोनों बच्चों ने भी कई बार अपने पिता को कामवाली के साथ बंद कमरे में देखा था। बच्चों ने भी अपने पिता के व्यवहार पर सवाल उठाए हैं।
वहीं दूसरी ओर, मामले में आरोपी बनाए गए गौतम मीणा फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं। फरारी के बीच उसने एक वीडियो जारी कर खुद को बेगुनाह बताया है। वीडियो में गौतम ने दावा किया कि घटना के समय वह अनु से फोन पर बात कर रहा था और उसी दौरान अनु ने फांसी लगा ली।
गौतम मीणा ने कहा कि उसकी पत्नी बेहद जिद्दी स्वभाव की थी और गुस्से में किसी की बात नहीं सुनती थी। हालांकि उसने यह भी कहा कि पति-पत्नी के रिश्ते सामान्य और अच्छे थे।
वीडियो में गौतम ने अनु के मायके पक्ष पर भी आरोप लगाए। उसका कहना है कि अनु की मौत के बाद ससुराल पक्ष ने पूरी संपत्ति बच्चों के नाम करने का दबाव बनाया था। उसने दावा किया कि वह इसके लिए तैयार था, लेकिन इसके बावजूद उसे बच्चों से मिलने तक नहीं दिया गया।
गौतम ने यह भी कहा कि अगर उसने कोई गलत काम किया होता तो अनु के परिजन पहले ही उसके खिलाफ मामला दर्ज करा देते। उसके अनुसार करीब 40 दिन बाद उस पर झूठी एफआईआर दर्ज कराई गई।
उधर, अनु के परिवार ने गौतम मीणा पर पहले भी जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाया है। अनु के भाई नीरज मीणा का कहना है कि 13 मार्च 2026 की रात गौतम ने अनु और दोनों बच्चों को कमरे में बंद कर एलपीजी गैस चालू कर दी थी और बाहर से दरवाजा लगा दिया था।
परिजनों के मुताबिक, पूरी रात अनु और बच्चे घर में फंसे रहे। बाद में रिश्तेदारों की मदद से दरवाजा खुलवाया गया, जिसके बाद अनु अपने दोनों बच्चों को लेकर त्रिवेणी नगर स्थित मायके चली गई थी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपी गौतम मीणा की तलाश जारी है।


