हेल्दी फूड, हेल्दी लाइफ’: प्रताप पब्लिक स्कूल तरावड़ी में नन्हे बच्चों के लिए शानदार पपेट शो; कठपुतलियों ने सिखाया सेहत का पाठ
प्रताप पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों के लिए हुआ रंगारंग पपेट शो, खेल-खेल में सीखी सेहत और स्वच्छता की सीख
तरावड़ी/ अटल हिन्द डेस्क /17 जुलाई 2026 /रोहित लामसर
प्रताप पब्लिक स्कूल तरावड़ी में पहली कक्षा के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों के लिए हेल्दी फूड, हेल्दी लाइफ विषय पर एक आकर्षक, मनोरंजक एवं शिक्षाप्रद पपेट शो का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को प्रारंभिक अवस्था से ही संतुलित आहार, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के शिक्षकों ने खरगोश, बंदर, गिलहरी सहित विभिन्न पशु-पात्रों की रंग-बिरंगी कठपुतलियों के माध्यम से बच्चों को फल, हरी सब्जियां, दूध और पौष्टिक भोजन के महत्व को बेहद रोचक अंदाज में समझाया।
साथ ही यह भी बताया गया कि जंक फूड का अधिक सेवन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक होता है और इससे कई प्रकार की बीमारियां जन्म ले सकती हैं। मजेदार संवादों, मनमोहक गीतों और जीवंत प्रस्तुति ने बच्चों का भरपूर मनोरंजन किया। नन्हे विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया और अंत में पूछे गए प्रश्नों के सही उत्तर देकर अपनी समझ का भी परिचय दिया।
इस गतिविधि के माध्यम से बच्चों में संतुलित भोजन, स्वच्छता और अच्छी जीवनशैली अपनाने का संदेश प्रभावी ढंग से पहुंचाया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य विकास उतरेजा ने कहा कि “खेल-खेल में सीखना ही वास्तविक शिक्षा है। ऐसी रचनात्मक गतिविधियां बच्चों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ उनके व्यवहार में भी सकारात्मक बदलाव लाती हैं।
वहीं विद्यालय की निर्देशिका पिथी चौधरी ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है और इस प्रकार के नवाचारपूर्ण कार्यक्रम बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं नैतिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
Add A Comment

