पहले से दिव्यांग होने का दर्द, ऊपर से मेहनत की कमाई पर चोरों का वार, सिलेंडर समेत नगदी पर हाथ साफ
लोगों ने कहा : गरीब की मेहनत लूटने वालों पर हो सख्त कार्रवाई
तरावड़ी/ अटल हिन्द डेस्क /17 जुलाई 2026 /रोहित लामसर
पहले से दिव्यांग होने का दर्द, ऊपर से मेहनत की कमाई पर चोरों का वार। दो वक्त की रोटी का सहारा बने छोटे से चाय के खोखे का ताला तोड़कर अज्ञात चोर गैस सिलेंडर, सिगरेट और गल्ले में रखी नकदी समेट ले गए। सुबह जब दिव्यांग अपनी रोजी-रोटी के उस छोटे से ठिकाने पर पहुंचा तो बिखरा सामान और टूटा ताला देखकर उसकी आंखें नम हो गईं।
घटना ने न सिर्फ उसकी मेहनत पर पानी फेर दिया, बल्कि इंसानियत पर भी कई सवाल खड़े कर दिए। सौंकड़ा रोड स्थित केनरा बैंक के सामने वर्षों से चाय बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे दिव्यांग चाय विक्रेता सोहन लाल की जिंदगी पर चोरों ने एक ही रात में ऐसा वार किया, जिसने उनकी रोजी-रोटी छीन ली।
देर रात अज्ञात चोर उनकी चाय की रेहड़ी का ताला तोड़कर गैस सिलेंडर, नमकीन, बिस्कुट, सिगरेट, लाइटर, नकदी सहित करीब 10 से 15 हजार रुपये का सामान चोरी कर फरार हो गए। इस घटना ने न केवल कानून-व्यवस्था, बल्कि इंसानियत को भी कटघरे में खड़ा कर दिया है।
पीड़ित सोहन लाल ने नम आंखों से बताया कि वह शारीरिक रूप से दिव्यांग होने के बावजूद किसी के सामने हाथ फैलाने की बजाय मेहनत की कमाई से अपने वृद्ध माता-पिता, बेटी और पूरे परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनकी यह छोटी-सी चाय की रेहड़ी ही परिवार की आय का एकमात्र सहारा है। अब चोरी के बाद उनके सामने परिवार का चूल्हा जलाने तक की चिंता खड़ी हो गई है।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद सोहन लाल ने थाना तरावड़ी में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

घटना से क्षेत्र के लोगों में भी रोष है। स्थानीय लोगों का कहना है कि एक दिव्यांग व्यक्ति, जो सम्मान के साथ मेहनत कर अपना जीवन चला रहा था, उसकी मेहनत की कमाई पर हाथ साफ करना बेहद शर्मनाक और अमानवीय कृत्य है। लोगों ने कहा कि गरीब की थाली से निवाला छीनने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।
क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन से आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान करने, चोरी गया सामान बरामद करने और पीड़ित को न्याय दिलाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई होगी, तभी आम लोगों का कानून और पुलिस व्यवस्था पर विश्वास मजबूत बना रहेगा।
Add A Comment

