सोनीपत जिला परिषद से संबंधित विकास कार्यो को तय समय-सीमा में पूरा करवाए संबंधित अधिकारी : मोनिका दहिया
जिला परिषद की बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा, अधिकारियों को दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश
सोनीपत/रणबीर सिंह रोहिल्ला,
जिला परिषद अध्यक्ष मोनिका दहिया ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य तय समय सीमा में पूर्ण किए जाएं। उन्होंने विशेष रूप से एसडीओ, जेई को निर्देश दिए कि वे विकास कार्यों के एस्टीमेट जल्द से जल्द तैयार कर विभाग को भिजवाएं, ताकि कार्यों को शीघ्र गति दी जा सके। मोनिका दहिया की अध्यक्षता में बुधवार को जिला परिषद सोनीपत सदन की बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक के दौरान विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वो विकास कार्यो के दौरान इस्तेमाल किए जाने वाली सामग्री का भी विशेष ध्यान रखे, कार्य की गुणवत्ता में कोई कमी न मिलने पाए। उन्होंने अधिकारियो को निर्देश दिए कि जिला परिषद से होने वाले किसी भी कार्य को शुरू करने से पहले संबंधित पार्षद को अवगत करवाए।
उन्होंने कहा कि जिला परिषद के तहत आने वाले सभी विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाए और आमजन को इनका लाभ समय पर मिलना सुनिश्चित किया जाए। बैठक में अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों के प्रति कड़ा रुख अपनाते हुए उनके खिलाफ कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए। अतिरिक्त उपायुक्त अजय चोपड़ा ने कहा कि विकास कार्यो को लेकर किसी भी पार्षद को किसी भी तरह की कोई समस्या आने पर वो उनसे सम्पर्क करे। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वो जिला परिषद से संबंधित कार्यो में किसी भी तरह की लापरवाही करने वाले अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


