महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों के लिए सदैव संघर्षरत रहूंगी : राज बाला बंसल
जाखल /2 जून/ योगेश खनेजा
अग्रवाल वैश्य समाज की नव-नियुक्त टोहाना विधानसभा महासचिव श्रीमती राज बाला बंसल ने पदभार ग्रहण करने के उपरांत कहा कि समाज में महिलाओं के हितों और अधिकारों की रक्षा के लिए अभी बहुत कार्य किए जाने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि आज महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की बात की जा रही है, लेकिन जमीनी स्तर पर विशेषकर गांवों और कस्बों में महिलाओं की वास्तविक भागीदारी अभी भी सुनिश्चित नहीं हो पाई है।
राज बाला बंसल ने कहा कि नगरपालिका और पंचायत चुनावों में महिलाओं के लिए सीटें आरक्षित तो होती हैं, लेकिन अनेक स्थानों पर महिलाओं को केवल एक चेहरा बनाकर चुनाव लड़ाया जाता है।
चुनाव महिलाओं के नाम पर लड़ा जाता है, जबकि उनका प्रतिनिधित्व पुरुषों द्वारा किया जाता है। महिलाओं को केवल औपचारिक प्रतिनिधि बनाकर रखना महिला सशक्तिकरण की भावना के साथ न्याय नहीं है।
उन्हें निर्णय लेने का वास्तविक अधिकार और स्वतंत्रता मिलनी चाहिए।उन्होंने महिलाओं और बच्चियों के विरुद्ध बढ़ते अपराधों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज तीन वर्ष की मासूम बच्ची से लेकर 80 वर्ष की वृद्ध महिला तक दुष्कर्म जैसी घिनौनी घटनाओं का शिकार हो रही हैं।
ऐसे अपराध पूरे समाज को झकझोरने वाले हैं। उन्होंने मांग की कि महिलाओं के विरुद्ध जघन्य अपराध करने वालों के लिए सख्त कानून बनाए जाएं तथा दोषियों को शीघ्र न्याय के साथ कठोरतम दंड दिया जाए, ताकि समाज में कानून का भय कायम हो और ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।नव-नियुक्त महासचिव ने कहा कि उन्हें अग्रवाल वैश्य समाज द्वारा जो जिम्मेदारी सौंपी गई है,
उसका वह पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगी। उन्होंने संकल्प लिया कि टोहाना विधानसभा क्षेत्र में महिलाओं के अधिकारों, सुरक्षा, शिक्षा, स्वावलंबन और सामाजिक भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य करेंगी तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का प्रयास करेंगी।
राज बाला बंसल ने उन्हें टोहाना विधानसभा महासचिव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपने के लिए अग्रवाल वैश्य समाज के प्रदेश अध्यक्ष श्री अशोक बुवानीवाला जी तथा हरियाणा महिला इकाई की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती सुशीला शराफ जी का विशेष आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा उन पर जताए गए विश्वास के लिए वे सदैव ऋणी रहेंगी तथा पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ संगठन एवं समाज हित में कार्य करेंगी। उन्होंने विश्वास दिलाया कि महिलाओं के उत्थान, समाज सेवा और संगठन को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगी।
Add A Comment


