महंगाई के खिलाफ रोहतक में इनेलो का प्रदर्शन, डीसी को ज्ञापन देने को लेकर हंगामा; सड़क जाम कर जताया विरोध
रोहतक /1 जून /अटल हिन्द ब्यूरो
पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और महंगाई के विरोध में सोमवार को इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने रोहतक में जोरदार प्रदर्शन किया। रानिया से विधायक अर्जुन चौटाला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मानसरोवर पार्क से लघु सचिवालय तक मार्च निकाला और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपने की मांग की, लेकिन डीसी के मौके पर नहीं पहुंचने से विवाद खड़ा हो गया।
डीसी को ज्ञापन देने की मांग पर अड़े कार्यकर्ता
इनेलो कार्यकर्ता लघु सचिवालय पहुंचे और डीसी सचिन गुप्ता को ज्ञापन सौंपने की मांग करने लगे। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने लघु सचिवालय के मुख्य गेट बंद कर दिए, जिसके बाद कार्यकर्ता बाहर ही धरने पर बैठ गए। इस दौरान करीब 15 मिनट तक पुलिस और विधायक अर्जुन चौटाला के बीच बहस होती रही।आरोप है कि विधायक ने एसपी से कह दिया कि मैं तेरे से बात नहीं कर रहा। इसके बाद गाली देते हुए कहा कि चल दफा हो। इसके बाद डीसी से कहा पकड़ अपना ज्ञापन।
स्थिति को संभालने के लिए पहले सिटी मजिस्ट्रेट शुभम ज्ञापन लेने पहुंचे, लेकिन कार्यकर्ताओं ने उन्हें ज्ञापन देने से इनकार कर दिया। बाद में एसडीएम आशीष शर्मा भी पहुंचे, मगर प्रदर्शनकारी डीसी के आने की मांग पर अड़े रहे। कुछ कार्यकर्ता गेट पर चढ़ गए, जिसके बाद पुलिस को गेट खोलना पड़ा और प्रदर्शनकारी सचिवालय परिसर में प्रवेश कर गए।
पुलिस ने रोका तो धरने पर बैठे विधायक
जब विधायक अर्जुन चौटाला डीसी से मिलने के लिए आगे बढ़े तो पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसके विरोध में वह गेट पर ही धरने पर बैठ गए। उन्होंने समर्थकों के साथ सचिवालय की सीढ़ियां चढ़कर डीसी से मिलने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे नहीं जाने दिया। इसके बाद विधायक और कार्यकर्ता वहीं बैठकर नारेबाजी करते रहे।
धक्का-मुक्की के बाद सड़क जाम
कुछ देर बाद अर्जुन चौटाला ने दोबारा डीसी से मिलने की कोशिश की। इस दौरान उनकी पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की भी हुई। पुलिस ने महिला कर्मियों को आगे तैनात कर दिया ताकि प्रदर्शनकारी आगे न बढ़ सकें। इससे कार्यकर्ताओं में नाराजगी और बढ़ गई।
डीसी से मुलाकात नहीं होने पर इनेलो कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर दी। विधायक अर्जुन चौटाला भी समर्थकों के साथ सड़क पर बैठ गए और बीच रास्ते में ट्रैक्टर खड़ा कर यातायात रोक दिया। हंगामा बढ़ने पर डीसी सचिन गुप्ता और एसपी गौरव राजपुरोहित मौके पर पहुंचे।
डीसी-एसपी से हुई तीखी बहस
मौके पर पहुंचे अधिकारियों और विधायक अर्जुन चौटाला के बीच तीखी बहस हुई। एसपी गौरव राजपुरोहित ने प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान विधायक ने एसपी के प्रति आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। आखिरकार इनेलो नेताओं ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन डीसी को सौंप दिया।
प्रदर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में अर्जुन चौटाला ने सरकार की आर्थिक नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई का सबसे ज्यादा असर आम लोगों पर पड़ रहा है। उन्होंने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में राहत देने और महंगाई पर नियंत्रण के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की।


