बदतमीजी बर्दाश्त नहीं करूंगा, मैंने कोई चूड़ियां नहीं पहनी” : सिरसा में अर्जुन चौटाला का बड़ा बयान
बदतमीजी बर्दाश्त नहीं करूंगा”, सिरसा में अधिकारियों पर बरसे अर्जुन चौटाला
सिरसा /2 जून / अटल हिन्द ब्यूरो
सिरसा में पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और महंगाई के खिलाफ इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी मुख्यालय में आयोजित इस प्रदर्शन का नेतृत्व डबवाली से विधायक आदित्य चौटाला ने किया, जबकि रानिया से विधायक अर्जुन चौटाला भी इसमें शामिल रहे।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने पहले सिरसा रेस्ट हाउस में धरना दिया और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद सभी कार्यकर्ता लघु सचिवालय पहुंचे, जहां डीसी कार्यालय के निकट विरोध प्रदर्शन जारी रखा गया।
इस प्रदर्शन की खास बात यह रही कि एक दिन पहले रोहतक में अर्जुन चौटाला की जिला प्रशासन के अधिकारियों से हुई तीखी बहस के बाद भी सिरसा में कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा। हालांकि, प्रशासन किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह सतर्क नजर आया।
IPS एसोसिएशन और प्रशासन पर साधा निशाना
मीडिया से बातचीत के दौरान अर्जुन चौटाला ने रोहतक प्रशासन और हरियाणा IPS एसोसिएशन पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उनके बयान की निंदा किए जाने से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। उनका कहना था कि जो अधिकारी जैसा व्यवहार करेगा, उसे उसी प्रकार का जवाब मिलेगा।
उन्होंने जननायक जनता पार्टी (JJP) की ओर से उनके व्यवहार पर उठाए गए सवालों पर भी प्रतिक्रिया दी। चौटाला ने कहा कि उनकी पार्टी जो भी कदम उठाएगी, उस पर विरोधी दल आपत्ति जताते रहेंगे, लेकिन इससे उनके रुख में कोई बदलाव नहीं आएगा।
“अधिकारियों को शिष्टाचार की सीख दे एसोसिएशन”
अर्जुन चौटाला ने कहा कि जब वरिष्ठ अधिकारियों से जुड़े गंभीर मामलों या कथित घोटालों की बातें सामने आईं, तब अधिकारियों के संगठन की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन को अपने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों और आम लोगों के साथ बेहतर व्यवहार करने की सलाह देनी चाहिए।
उन्होंने दो टूक कहा कि यदि कोई अधिकारी बदतमीजी करेगा तो उसे इसका जवाब मिलेगा। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि वे किसी भी परिस्थिति में अपमानजनक व्यवहार बर्दाश्त नहीं करेंगे।
महंगाई, पेट्रोल-डीजल की कीमतों और प्रशासनिक रवैये को लेकर दिया गया अर्जुन चौटाला का यह बयान अब हरियाणा की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है।


