सोनीपत में सजा विश्वविख्यात जादूगर सम्राट शंकर का इंद्रजाल,मनोरंजन के साथ सामाजिक सरोकारों का दिया संदेश, जादुई प्रस्तुतियों ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध
विधायक निखिल मदान ने किया शुभारंभ, कहा, जादूगर सम्राट शंकर की कला पीढ़ियों से लोगों का कर रही है मनोरंजन
रणबीर सिंह रोहिल्ला/16 जुलाई 2026 / सोनीपत।
सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग, हरियाणा के सौजन्य से अमृतकाल जागरूकता अभियान के अंतर्गत शहर के जीवीएम गर्ल्स कॉलेज में विश्वविख्यात जादूगर सम्राट शंकर के रंगारंग इंद्रजाल शो का भव्य आयोजन हुआ। कार्यक्रम में सोनीपत के विधायक निखिल मदान ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए प्रथम शो का शुभारंभ किया। जादूगर सम्राट शंकर की एक से बढ़कर एक रोमांचक एवं हैरतअंगेज प्रस्तुतियों ने पूरे सभागार को तालियों की गूंज से भर दिया।
विधायक निखिल मदान ने कहा कि जादूगर सम्राट शंकर का नाम देश ही नहीं बल्कि विदेशों तक प्रसिद्ध है। बचपन में उनके जादू के कार्यक्रम देखने का अवसर मिला था और आज वर्षों बाद उन्हें फिर से सोनीपत की धरती पर देखना अत्यंत सुखद अनुभव है। उन्होंने कहा कि जब भी देश में जादू की बात होती है तो सबसे पहले लोगों की जुबान पर जादूगर सम्राट शंकर का ही नाम आता है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के मार्गदर्शन में पूरे प्रदेश में अमृतकाल जागरूकता अभियान के अंतर्गत ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं बल्कि समाज को जागरूक करना भी है। उन्होंने कहा कि सोनीपत के लोगों में इस कार्यक्रम को लेकर भारी उत्साह है और उन्हें विश्वास है कि जादूगर सम्राट शंकर के माध्यम से दिए जा रहे सामाजिक संदेश प्रत्येक परिवार तक पहुंचेंगे।
विधायक निखिल मदान ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज में जागरूकता लाने के लिए नवाचारों को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्त समाज जैसे विषय आज समय की आवश्यकता हैं। यदि प्रत्येक नागरिक इन संदेशों को अपने जीवन में अपनाए तो समाज में सकारात्मक परिवर्तन निश्चित रूप से आएगा।
कार्यक्रम के दौरान जादूगर सम्राट शंकर ने अपनी अद्भुत जादुई कलाओं से उपस्थित दर्शकों को आश्चर्यचकित कर दिया। हर प्रस्तुति पर बच्चों, युवाओं और अभिभावकों ने जोरदार तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। मनोरंजन के साथ-साथ उन्होंने सामाजिक जागरूकता का संदेश देते हुए बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, जल संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त व नशा मुक्त भारत, पर्यावरण संरक्षण तथा स्वच्छता जैसे विषयों को बेहद रोचक तरीके से प्रस्तुत किया।
उनके संदेशों को दर्शकों ने गंभीरता से सुना और सराहा। जादूगर सम्राट शंकर ने कहा कि उनकी कोशिश केवल लोगों का मनोरंजन करना नहीं, बल्कि जादू की कला के माध्यम से समाज में सकारात्मक सोच विकसित करना भी है। उन्होंने कहा कि यदि मनोरंजन के साथ सामाजिक संदेश लोगों तक पहुंचे तो उसका प्रभाव अधिक व्यापक होता है।
उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण, जल बचाने तथा प्लास्टिक का कम से कम उपयोग करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान जादूगर सम्राट शंकर की हर प्रस्तुति पर दर्शकों ने जोरदार तालियां बजाकर उनका स्वागत किया। विशेष रूप से विद्यार्थियों में कार्यक्रम को लेकर भारी उत्साह देखने को मिला। पूरे आयोजन के दौरान सभागार रोमांच, उत्साह और आनंद के माहौल से सराबोर रहा।

