स्कूल की टीम व बच्चों ने समाचार-पत्र के संपादकों, पत्रकारों एवं तकनीकी टीम के परिश्रम और समर्पण की सराहना
बाबैन/18 जुलाई 2026/सुरेश अरोड़ा
आदर्श सेकेंडरी स्कूल, बरगट के कक्षा छठी से आठवीं के विद्यार्थियों ने शिक्षकों के मार्गदर्शन में समाचार पत्र कार्यालय का शैक्षिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने समाचार-पत्र के निर्माण, संपादन, मुद्रण एवं वितरण की संपूर्ण प्रक्रिया को प्रत्यक्ष रूप से देखा और आधुनिक पत्रकारिता की कार्यप्रणाली को समझा।
भ्रमण के दौरान समाचार पत्र कार्यालय के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को समाचार संकलन, तथ्य-जांच पृष्ठ-सज्जा, आधुनिक प्रिंटिंग तकनीक तथा मीडिया की सामाजिक जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों ने सरल एवं संतोषजनक उत्तर दिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य रोबिन कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 एवं सीबीएसई के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ऐसे शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों को कक्षा के ज्ञान को वास्तविक जीवन से जोड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। इससे उनमें अनुभावात्मक अधिगम समालोचनात्मक चिंतन, रचनात्मकता, संचार कौशल तथा 21वीं सदी के आवश्यक कौशलों का विकास होता है।
विद्यालय के प्रबंधक सोहन लाल सैनी ने कहा कि आज के डिजिटल युग में विद्यार्थियों के लिए मीडिया की कार्यप्रणाली को समझना अत्यंत आवश्यक है। ऐसे भ्रमण विद्यार्थियों में जिज्ञासा, तार्किक सोच, मीडिया साक्षरता तथा समसामयिक घटनाओं के प्रति जागरूकता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यार्थियों ने इस भ्रमण को ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक एवं अविस्मरणीय अनुभव बताते हुए समाचार-पत्र के संपादकों, पत्रकारों एवं तकनीकी टीम के परिश्रम और समर्पण की सराहना की। उन्होंने प्रतिदिन समाचार-पत्र पढ़ने का संकल्प भी लिया।
इस शैक्षिक भ्रमण के दौरान विद्यालय की उप-प्रधानाचार्या अनीता हांडा, शिक्षिकाएं डिम्पी, साक्षी तथा अन्य अध्यापकगण उपस्थित रहे।
Add A Comment

