विद्यालय बेलरखा का सीबीएसई दसवीं बोर्ड परीक्षा परिणाम रहा शानदार
नरवाना, 16 अप्रैल (नरेन्द्र जेठी)
हरियाणा ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता का परचम लहराया है। राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बेलरखा का सीबीएसई बोर्ड दसवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम शानदार रहा।तथा कोई भी विद्यार्थी अनुत्तीर्ण नहीं हुआ।
सभी विद्यार्थियों ने सफलता प्राप्त कर 11वीं कक्षा में प्रवेश का मार्ग प्रशस्त किया। विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों ने शानदार अंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया। शिवम ने 92.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। केशव ने 90.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वर्णिका ने 87 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान हासिल किया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर प्रधानाचार्य बलजीत गोयत ने विद्यार्थियों, अध्यापकों एवं अभिभावकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, अभिभावकों के सहयोग और अध्यापकों के समर्पण का परिणाम है।
विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्य प्रधान अमित कुमार एवं प्रधान बलविंदर शर्मा ने भी विद्यार्थियों, अभिभावकों और समस्त स्टाफ को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर है। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी विद्यालय के विद्यार्थियों ने प्रतिष्ठित राष्ट्रीय छात्रवृत्ति परीक्षा (एनएमएमएस) में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया था। उन्होंने कहा कि प्रधानाचार्य श्री बलजीत गोयत जी के कुशल निर्देशन में यह ग्रामीण आंचल का विद्यालय शिक्षा के क्षेत्र में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। विद्यालय की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
Add A Comment


