शक्ति नगर कैथल में दहेज उत्पीड़न से तंग आकर विवाहिता की संदिग्ध मौत
कैथल, 14 अप्रैल ( अटल हिन्द ब्यूरो )
थाना सिविल लाइन क्षेत्र में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में थाना सिविल लाइन पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया की बिहार के जिला खगड़िया निवासी रामबली, जो वर्तमान में शक्ति नगर कैथल में किराये पर रहते हैं, ने शिकायत दी थी कि उनकी बेटी पूजा की शादी करीब चार वर्ष पहले कमालपुर निवासी सागर के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पति सागर, सास आरती, ससुर शमशेर व देवर अंकित द्वारा दहेज की मांग को लेकर पूजा को मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि उसे कम दहेज लाने को लेकर बार-बार ताने दिए जाते थे।
शिकायतकर्ता ने बताया कि 13 अप्रैल को वह मजदूरी के लिए सब्जी मंडी गया हुआ था। इसी दौरान उसकी बड़ी बेटी संजू ने फोन पर सूचना दी कि पूजा की मौत हो चुकी है और उसका शव सरकारी अस्पताल कैथल में लाया गया है। सूचना मिलते ही वह अस्पताल पहुंचा, जहां उसने अपनी बेटी के शव की पहचान की। शव के गले पर फांसी के निशान पाए गए, जिससे उसे शक है कि या तो आरोपियों ने उसकी हत्या की है या फिर उनकी प्रताड़ना से तंग आकर उसने आत्महत्या कर ली। मामले की सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइन पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। शिकायत के आधार पर थाना सिविल लाइन में केस दर्ज किया गया। मामले की जांच एएसआई रमेश कुमार की टीम द्वारा करते हुए आरोपी सागर निवासी कमालपुर हाल निवासी शिव कॉलोनी कैथल को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को अदालत के आदेशानुसार न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।


