मोटरसाइकिल पर 3,44,000 रुपये के 104 चालान बकाया, मोटरसाइकिल इंपाउंड
वाहन चालकों के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे
लंबित चालानों की जानकारी देकर भुगतान के लिए जागरूक किया जा रहा
फतह सिंह उजाला /अटल हिन्द डेस्क/गुरुग्राम /17 जुलाई 2026
गुरुग्राम यातायात पुलिस द्वारा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। इस अभियान के तहत लंबे समय से लंबित चालानों का भुगतान न करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के प्रावधानों के अनुसार नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। साथ ही वाहन चालकों को उनके लंबित चालानों की जानकारी देकर समय पर भुगतान करने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है।
शुक्रवार को जोनल अधिकारी मेदांता, एएसआई कृष्ण कुमार द्वारा अपनी टीम के साथ नियमित वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल को रोककर उसके दस्तावेज दिखाने को कहा गया। परंतु चालक कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर पाया तत्पश्चात जांच में पाया गया कि उक्त मोटरसाइकिल पर मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की विभिन्न धाराओं के तहत कुल 104 चालान लंबित हैं, जिनकी कुल जुर्माना राशि 3,44,000 रुपये है। इनमें अधिकांश चालान बिना हेल्मेट वाहन चलाने, रांग साईड ड्राइविंग तथा बिना पीयूसी सहित अन्य कुल 104 चालान लंबित पाए गए।
लंबित चालानों के कारण नियमानुसार कार्रवाई करते हुए गुरुग्राम यातायात पुलिस द्वारा उक्त मोटरसाइकिल को इंपाउंड कर निर्धारित पार्किंग में खड़ा कराया गया। गुरुग्राम यातायात पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, अपने वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज जैसे वैध बीमा, प्रदूषण प्रमाण-पत्र एवं अन्य आवश्यक कागजात अद्यतन रखें तथा लंबित चालानों का समय पर भुगतान सुनिश्चित करें। यातायात नियमों का पालन आपकी एवं अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है।
Add A Comment

