कई दिनों से शहर की बिजली-पानी व्यवस्था ठप्प, लोग परेशान
समस्या को लेकर लोगों ने रोड़ जाम करके किया विरोध प्रदर्शन
करीब दो घंटे तक लोगों को परेशानियों का करना पड़ा सामना
रणबीर सिंह रोहिल्ला/18 जुलाई 2026 /अटल हिन्द/सोनीपत।
पिछले कई दिनों से शहर में लगातार घंटों बिजली कटौती, ट्रांसफार्मरों में खराबी, केबलों में स्पार्किंग और पेयजल संकट से परेशान लोगों ने शहर में कई घंटे तक जाम लगाया। शनिवार को शहर के दो अलग-अलग मुख्य मार्गों की सड़क पर स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर बिजली विभाग और प्रशासन के खिलाफ जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
महिलाओं ने भी बड़ी संख्या में प्रदर्शन में हिस्सा लिया और मानव श्रृंखला बनाकर सड़क पर खड़ी होगगईं। सूचना मिलने पर बिजली विभाग के अधिकारी और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। हालांकि प्रदर्शनकारियों ने साफ चेतावनी दी कि यदि जल्द बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन और बडा किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों ने एक-दूसरे का हाथ पकड़कर मानव श्रृंखला बनाई और सड़क पर रस्सी बांधकर यातायात पूरी तरह रोक दिया।
देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शन करीबन 8 बजे से शुरू हुए 10 बजे तक रखा गया।
बिजली संकट का असर शहर के दूसरे हिस्से में भी देखने को मिला। ओल्ड रोहतक रोड स्थित प्रभु नगर और ब्रह्म कॉलोनी के लोगों ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के सामने सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं होगा, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा। इस इस दौरान सड़क के दोनो और जाम लग गया।
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने बताया कि पिछले तीन से चार दिनों से इलाके में कई-कई घंटे बिजली नहीं आ रही है। इसका सबसे बड़ा असर पेयजल आपूर्ति पर पड़ा है। बिजली नहीं होने से घरों की मोटर नहीं चल पा रही और पानी की सप्लाई का समय निकल जाता है। कई परिवारों को पीने और घरेलू उपयोग के पानी के लिए भी परेशान होना पड़ रहा है।
स्थानीय महिलाओं ने बताया कि लगातार बिजली गुल रहने से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों का सबसे ज्यादा बुरा हाल है। घरों में खाना खराब हो रहा है, बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और रोजमर्रा के घरेलू काम भी बाधित हो गए हैं। प्रदर्शनकारियों ने बिजली विभाग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई समाधान नहीं निकला।
उनका कहना है कि विभाग के कर्मचारी कई बार अपने सरकारी नंबर बंद कर देते हैं और निजी नंबर भी नहीं उठाते। केवल आश्वासन दिए जाते हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई कार्रवाई दिखाई नहीं देती।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई स्थानों पर ट्रांसफार्मर जर्जर हालत में हैं, जबकि जगह-जगह केबलों में स्पार्किंग होने से तार जल रहे हैं। उनका आरोप है कि विभाग समय रहते मरम्मत या ट्रांसफार्मर बदलने की बजाय किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। लोगों ने तत्काल तकनीकी खामियां दूर करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि उन्होंने अपनी समस्या बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ क्षेत्र के विधायक, मेयर तक भी पहुंचाई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
उनका कहना है कि लगातार शिकायतों के बावजूद बिजली व्यवस्था में कोई सुधार नहीं होने से लोगों का भरोसा टूटता जा रहा है। प्रदर्शन में शामिल लोगों ने मांग की कि बिजली व्यवस्था संभालने वाले जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाए। उनका कहना है कि जो अधिकारी अपनी जिम्मेदारी सही तरीके से नहीं निभा रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई कर उन्हें निलंबित किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न बने।
दोनों स्थानों पर जाम की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना पुलिस और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों से बातचीत कर जल्द समस्या के समाधान का भरोसा दिया, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों ने करीब दो घंटे बाद जाम समाप्त कर यातायात बहाल कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट कहा कि यदि आने वाले दिनों में बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं हुई और ट्रांसफार्मर व अन्य तकनीकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो शहर स्तर पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उनका कहना है कि जनता को बुनियादी सुविधाओं के लिए सड़क पर उतरना पड़ रहा है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और बिजली विभाग की होगी।
मेयर राजीव जैन को ट्रांसफार्मर के सड़े तार दिखाते स्थानीय निवासी।

रणबीर सिंह रोहिल्ला, सोनीपत। शहर के रामनगर, विशाल नगर, दहिया कॉलोनी क्षेत्र में बिजली और पानी की समस्या से परेशान लोगों ने शनिवार को सुबह 8 बजे विरोध प्रदर्शन करते हुए सूरी पेट्रोल पंप वाली गली में जाम लगा दिया।
सूचना मिलते ही नगर निगम के मेयर राजीव जैन पुलिस अतिरिक्त आयुक्त राजदीप मोर, कार्यकारी अभियंता रणबीर देशवाल, उपमंडल अभियंता कार्तिक रोहिल्ला, कनिष्ठ अभियंता अंग्रेज सिंह और पार्षद सुनीता कालुपुर मौके पर पहुंचे। मेयर राजीव जैन ने लोगों की समस्या को गंभीरता से सुना और एक-एक गली का दौरा करने पर पाया कि कई गलियों में बिजली के तार अत्यधिक लोड के कारण पिघलकर क्षतिग्रस्त हो चुके हैं तथा तीन ट्रांसफॉर्मरों के फ्यूज भी सड़ कर कमजोर हो गए थे, जिससे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही थी।
मेयर राजीव जैन ने मौके पर ही बिजली विभाग के अधिकारियों को क्षतिग्रस्त तारों को तत्काल बदलने और सभी तकनीकी खामियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने के निर्देश दिए।
उनके निर्देश पर नई लाइन डालने और खराब तार बदलने का कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया। इसके बाद ब्रह्म नगर में भी बिजली और पानी की समस्या को लेकर लोगों ने रोहतक रोड पर जाम लगा दिया। पुलिस प्रशासन एवं बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। अधिकारियों द्वारा आवश्यक कार्रवाई शुरू किए जाने के बाद लोगों ने जाम समाप्त कर दिया।
मेयर राजीव जैन ने कहा कि शहरवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बढ़ते बिजली लोड को देखते हुए आवश्यक तकनीकी सुधार शीघ्र पूरे किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी समस्याएं दोबारा उत्पन्न न हों।

