खानपुर को मिली ऐतिहासिक सौगात वर्षों पुरानी पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में बड़ा कदम
वाटर वर्क्स में नए सबमर्सिबल बोर का कार्य शुरू, कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने निभाया वादा
प्रदेश महामंत्री अशोक मेहरा ने जताया आभार, प्रदेश अध्यक्ष अशोक तिलकधारी बोले-जनता की सेवा ही संगठन का सर्वोच्च उद्देश्य
नरवाना/ 2 जून /नरेन्द्र जेठी
नरवाना विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव खानपुर के लिए आज का दिन विकास और राहत की नई उम्मीद लेकर आया। वर्षों से पेयजल संकट की समस्या से जूझ रहे गांव के हजारों लोगों को उस समय बड़ी राहत मिली जब गांव के वाटर वर्क्स में नए सबमर्सिबल बोर के निर्माण एवं स्थापना कार्य की शुरुआत हुई।
लंबे समय से लंबित इस मांग के पूरा होने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है और लोग इसे गांव के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि मान रहे हैं। गौरतलब है कि खानपुर गांव में कई वर्षों से पीने के पानी की गंभीर समस्या बनी हुई थी। विशेष रूप से गर्मियों के मौसम में जल संकट और अधिक बढ़ जाता था।
जलापूर्ति व्यवस्था पर बढ़ते दबाव के कारण अनेक घरों तक पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं पहुंच पाता था। कई परिवारों को दूर-दराज क्षेत्रों से पानी लाना पड़ता था, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को सबसे अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
भाजपा जनकल्याण मंच के प्रदेश महामंत्री अशोक मेहरा ने बताया कि गांव की इस गंभीर समस्या को लेकर उन्होंने लगातार संबंधित विभागों, अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के समक्ष आवाज उठाई। ग्रामीणों की मांग को सरकार तक पहुंचाने के लिए कई बार प्रयास किए गए। उन्होंने कहा कि जब कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी को गांव की वास्तविक स्थिति से अवगत कराया गया तो उन्होंने इस समस्या को गंभीरता से लिया और इसके स्थायी समाधान का आश्वासन दिया।
अशोक मेहरा ने कहा कि मंत्री कृष्ण बेदी ने केवल आश्वासन ही नहीं दिया, बल्कि अपने वादे को पूरा करके दिखाया है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने के बाद गांव की जलापूर्ति व्यवस्था पहले से कहीं अधिक मजबूत होगी और हजारों लोगों को स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।
उन्होंने कहा कि यह कार्य केवल एक विकास परियोजना नहीं, बल्कि हजारों ग्रामीणों के जीवन से जुड़ी एक बड़ी आवश्यकता का समाधान है। किसी भी गांव के विकास की पहली शर्त मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता होती है और पेयजल उनमें सबसे महत्वपूर्ण है।
इस दिशा में उठाया गया यह कदम निश्चित रूप से खानपुर के विकास को नई गति देगा। गांवों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं और खानपुर में शुरू हुआ यह कार्य उसी सोच का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश महामंत्री अशोक मेहरा ने लगातार इस मुद्दे को उठाकर ग्रामीणों की आवाज सरकार तक पहुंचाई और उनके प्रयासों से आज यह महत्वपूर्ण कार्य शुरू हो पाया है।
गांव के लोगों ने भी इस अवसर पर अपनी खुशी व्यक्त की। ग्रामीणों ने कहा कि कई वर्षों से वे पानी की समस्या से परेशान थे, लेकिन अब उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही गांव में नियमित और पर्याप्त जलापूर्ति सुनिश्चित होगी। महिलाओं ने कहा कि पानी की समस्या दूर होने से उनके दैनिक जीवन में बड़ा बदलाव आएगा और उन्हें काफी राहत मिलेगी।
वरिष्ठ नागरिकों ने कहा कि यह कार्य गांव के विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। प्रदेश महामंत्री अशोक मेहरा व प्रदेश अध्यक्ष अशोक तिलकधारी ने कहा कि भाजपा जनकल्याण मंच हमेशा जनता की आवाज बनकर उनके हितों के लिए कार्य करता रहेगा।
इस अवसर पर भाजपा जनकल्याण मंच के पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य ग्रामीणों ने कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी, प्रदेश अध्यक्ष अशोक तिलकधारी तथा प्रदेश महामंत्री अशोक मेहरा का आभार व्यक्त किया ।


