प्रवेश परिक्षाओं,रोजगार की तैयारियों में जुटे विद्यार्थियों तथा युवाओं को रियायती ट्रांसपोर्ट सुविधा देने की उठी जोरदार मांग
‘रियायती ट्रांसपोर्ट सुविधा न मिलने से सामान्य परिवारों पर बढ़ रहा है भारी -भरकम आर्थिक बोझ’
विद्यार्थी एवं युवा हमारे देश की रीढ हैं, जिनकी समस्याएं तुरंत हल की जानी चाहिए : अशोक प्रधान
मेगा मिशन जनसंपर्क अभियान के तहत विद्यार्थियों,युवाओं की समस्याओं को जानने पहुंचे लोक सेवा मंच के पदाधिकारी
रेवाड़ी16/अप्रैल /अटल हिन्द ब्यूरो
‘मेगा मिशन जनसंपर्क अभियान’ के तहत लोक सेवा मंच के पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों तथा युवकों- युवतियों से उनकी ज्वलंत समस्याओं एवं सामूहिक हितों को लेकर शहर में अनेक जगहों पर बैठकें कीं । विद्यार्थियों एवं युवाओं ने खुलकर अपनी समस्याओं से अवगत कराते हुए राष्ट्रीय सामाजिक संगठन लोक सेवा मंच से जनहितकारी आवाज बुलंद करने का जोरदार आग्रह किया ।
स्थानीय गढ़ी बोलनी रोड, मॉडल टाउन व बावल रोड के समीप आमंत्रित बैठकों में राष्ट्रीय प्रगतिशील विचारक एवं सामाजिक कार्यकर्ता अशोक प्रधान लोक सेवा मंच तथा कोर कमेटी के सदस्य बीके राम सिंह,युवा एंटरप्रेन्योर यतीश सिंहल आदि की उपस्थिति में किशोर आयु वर्ग के विद्यार्थियों ने कहा कि इन दिनों वे मेडिकल, इंजीनियरिंग,कानून, सीए आदि प्रोफेशनल कोर्सेज में एडमिशन पाने की कोशिशों में लगे हैं । इन कोर्सेज में एडमिशन पाने के लिए उन्हें प्रदेशस्तरीय अथवा ऑल इंडिया लेवल की प्रवेश परीक्षाओं से गुजरना पड़ता है,जिनकी खूब तैयारी करनी पड़ती है । तैयारी के लिए उन्हें प्रतिदिन अपने-अपने गांवों से शहर में कोचिंग,ट्यूशन,लाइब्रेरी में पढ़ने के लिए आना-जाना पड़ता है ,मगर सरकारी- प्राइवेट बसों के पास की रियायती सुविधा नहीं मिलने के कारण उनके सामान्य परिवारों पर भारी आर्थिक बोझ पड रहा है ।

उन्होंने सरकार से रियायती ट्रांसपोर्ट सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की । युवाओं -युवतियों ने कहा कि जॉब वैकेंसीज निकालने और जॉइनिंग तक का शेड्यूल पूरा करने में भर्ती एजेंसियों की ओर से बहुत देरी की जाती है । उन्हें नौकरियां पाने के लिए बहुत लंबा इंतजार करना पड़ रहा है । उन्होंने मांग उठाई की एसएससी की तर्ज पर केंद्र व हरियाणा की प्रतियोगी परीक्षाओं का वार्षिक कैलेंडर बनना चाहिए जिससे जाॅब वैकेंसिज के नियत समय पर एडवर्टाइज होने ,परीक्षा का निर्धारित शेड्यूल, रिजल्ट डिक्लेयर होने एवं ज्वाइन होने का भी समय तय हो सके । विद्यार्थियों व युवाओं की पुरजोर मांग है कि सरकार को शैक्षणिक, प्रोफेशनल कोर्सेज में दाखिला लेने की प्रवेश परीक्षाओं तथा रोजगार पाने के लिए लिखित परीक्षा अथवा इंटरव्यू देने जाते-जाते समय उन्हें बस,ट्रेन एवं एरोप्लेन के किरायों में पूर्ण छूट तथा निजी वाहन का प्रयोग करने पर टोल टैक्स के भारी-भरकम आर्थिक भार से मुक्त करना चाहिए
।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सामाजिक कार्यकर्ता अशोक प्रधान लोक सेवा मंच ने कहा कि हर आयु वर्ग के विद्यार्थियों एवं युवा बेरोजगार युवकों-युवतियों को स्पेशलिस्ट डॉक्टर्स द्वारा मेडिकल चेकअप एवं ट्रीटमेंट की सुविधा सरकार को हर समय निःशुल्क उपलब्ध करानी चाहिए । उन्होंने विद्यार्थियों एवं युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए चिल्ड्रन क्लब्स व यंग क्लब्स की बिल्डिंगों के जल्द निर्माण सहित उनके साथ 2 से 5 एकड़ तक के प्लेग्राउंडस हर गांव -शहर में जगह-जगह बनाने की आवश्यकता जताई । उक्त समस्याओं को लेकर जल्द देश -प्रदेश की सरकारों का ध्यान दिलाने के लिए जनहित में मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री को पत्र लिखे जाएंगे । समाधान होने तक लोक सेवा मंच का मेगा मिशन जनसंपर्क अभियान जारी रहेगा । उन्होंने कहा कि विद्यार्थी और युवा किसी भी देश की रीढ होते हैं जिनकी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ तत्काल समाधान किया जाना देश एवं जनहित में होगा ।


