नगराधीश फरीदाबाद अंकित कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने रक्तदाताओं को सम्मानित करते हुए कहा कि “रक्तदान ऐसा महादान है,
फरीदाबाद /18 जुलाई 2026 /अटल हिन्द/योगेश गर्ग
मानव सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व की उत्कृष्ट मिसाल प्रस्तुत करते हुए विक्टोरा फाउंडेशन एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी, फरीदाबाद के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में समाज के विभिन्न वर्गों से आए रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक रक्तदान कर मानवता के प्रति अपनी संवेदनशीलता का परिचय दिया। इस अवसर पर कुल 100 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। साथ ही विक्टोरा फाउंडेशन द्वारा जिला रेडक्रॉस सोसायटी फरीदाबाद को 15 व्हीलचेयर भेंट की गईं, जिनका उपयोग जरूरतमंद, दिव्यांग एवं असहाय लोगों की सेवा में किया जाएगा।
कार्यक्रम में नगराधीश फरीदाबाद अंकित कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने रक्तदाताओं को सम्मानित करते हुए कहा कि “रक्तदान ऐसा महादान है, जिससे किसी अनजान व्यक्ति को नया जीवन मिलता है। प्रत्येक स्वस्थ नागरिक को नियमित रूप से रक्तदान कर समाज के प्रति अपने नैतिक दायित्व का निर्वहन करना चाहिए।” उन्होंने रेडक्रॉस सोसायटी एवं विक्टोरा फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी पहल बताया।
विक्टोरा फाउंडेशन के मैनेजिंग डायरेक्टर एवं चेयरमैन एच. एस. बाँगा ने कहा कि फाउंडेशन शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि “रक्तदान और व्हीलचेयर वितरण जैसी पहल केवल सहायता नहीं, बल्कि मानवता के प्रति हमारी सामाजिक प्रतिबद्धता का प्रतीक हैं। हमारा प्रयास है कि समाज का कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति सहयोग से वंचित न रहे।”
सीएसआर हैड अजय सोमवंशी ने कहा कि विक्टोरा फाउंडेशन का उद्देश्य समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों को स्वास्थ्य सेवाओं, कौशल विकास और रोजगार के अवसरों से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने भविष्य में भी रेडक्रॉस के साथ मिलकर जनहित के ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
जिला रेडक्रॉस सोसायटी, फरीदाबाद के सचिव बिजेन्द्र सिंह सोरोत ने सभी रक्तदाताओं, अतिथियों एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “आज 100 यूनिट रक्त का संग्रह समाज में बढ़ती जागरूकता, सेवा भावना और मानवीय संवेदनाओं का प्रतीक है। रक्त की प्रत्येक यूनिट किसी न किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवन की नई आशा बनती है।”
रेडक्रॉस अधीक्षक पुरुषोत्तम सैनी ने कहा कि युवाओं की बढ़ती भागीदारी यह दर्शाती है कि समाज में सेवा और मानवता के प्रति सकारात्मक सोच निरंतर मजबूत हो रही है। उन्होंने सभी से समय-समय पर स्वैच्छिक रक्तदान करने का आह्वान किया।
रोटरी ब्लड बैंक के अध्यक्ष दीपक प्रसाद ने कहा, “स्वैच्छिक रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान कर जरूरतमंदों के जीवन की रक्षा में अपना योगदान देना चाहिए।”
इस अवसर पर समर्थ फाउंडेशन की संस्थापक श्रीमती मृणाल शर्मा ने बताया कि विक्टोरा फाउंडेशन एवं समर्थ फाउंडेशन के संयुक्त सहयोग से संचालित स्किल डेवलपमेंट सेंटर में आर्थिक रूप से कमजोर युवक-युवतियों को निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। प्रशिक्षण पूर्ण होने के बाद उन्हें रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने का कार्य किया जाता है, जिससे उनके जीवन स्तर में सकारात्मक परिवर्तन आ सके।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में आशुतोष शर्मा, ज्योति नागपाल, रेडक्रॉस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, स्वयंसेवकों, सहयोगी संस्थाओं तथा सभी रक्तदाताओं का विशेष योगदान रहा। अंत में जिला रेडक्रॉस सोसायटी ने सभी अतिथियों, सहयोगी संस्थाओं एवं रक्तवीरों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार जनसेवा केj कार्यों में सहभागिता बनाए रखने का आह्वान किया।

