तरावड़ी, 21 फरवरी (रोहित लामसर)।
शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या अब नई मुसीबत बनकर सामने आ रही है। अंजनथली रोड सहित कई इलाकों में कुत्ते रोजाना इंटरनेट की तारें उखाड़ रहे हैं, जिससे लोगों के वाई-फाई कनेक्शन बार-बार बंद हो रहे हैं। लगातार हो रही इस समस्या से आमजन और प्राइवेट इंटरनेट सेवा प्रदाता दोनों परेशान हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार अंजनथली रोड पर कुत्ते घरों और दुकानों के बाहर लगी इंटरनेट केबल को दांतों से काट देते हैं। कई बार छतों पर चढ़कर भी तारें उखाड़ दी जाती हैं, जिससे पूरी लाइन बाधित हो जाती है। नतीजतन लोगों का ऑनलाइन काम, बच्चों की पढ़ाई और दुकानों का डिजिटल लेन-देन प्रभावित हो रहा है। गुरूद्वारा रोड और गूगा माड़ी के सामने भी यही स्थिति बनी हुई है। जहां पोल की व्यवस्था न होने या तारें नीचे लटकने के कारण कुत्ते आसानी से उन तक पहुंच जाते हैं।
इंटरनेट ऑपरेटरों का कहना है कि उन्हें बार-बार तारें जोड़नी पड़ती हैं, जिससे समय और आर्थिक नुकसान दोनों हो रहे हैं। यह समस्या केवल एक-दो जगह तक सीमित नहीं है, बल्कि तरावड़ी के कई वार्डों में देखने को मिल रही है। लोगों का कहना है कि आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ने से पहले ही दहशत का माहौल था, अब तारें काटने की घटना से नई परेशानी खड़ी हो गई है। शहरवासियों ने नगरपालिका प्रशासन से मांग की है कि आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। साथ ही इंटरनेट तारों की सुरक्षित व्यवस्था के लिए पोल या ऊंचाई पर केबल लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो समस्या और विकराल रूप ले सकती है। शहर के नागरिकों को अब प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार है।


