एएसआई ने सर्विस रिवॉल्वर से खुद को मारी गोली
रणबीर सिंह, सोनीपत।
पुलिस लाइन में तैनात एएसआई जसबीर सिंह ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि उन्होंने कनपटी से सटाकर गोली चलाई, जिससे गोली सिर को आर-पार कर गई और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। खून बहता देख पत्नी ने सिर पर चुन्नी भी बांधी, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना शनिवार-रविवार की दरम्यानी रात करीब 12 बजे की है। उस समय जसबीर सिंह ड्यूटी से लौटकर अपने सरकारी क्वार्टर में पहुंचे थे। उनकी पत्नी रसोई में खाना बना रही थीं। तभी अचानक कमरे से गोली चलने की आवाज आई। पत्नी दौड़कर कमरे में पहुंचीं तो देखा कि जसबीर सिंह फर्श पर खून से लथपथ पड़े थे और उनकी कनपटी पर गोली लगी हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सर्विस रिवॉल्वर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटनास्थल का फोरेंसिक टीम द्वारा निरीक्षण कराया गया, हालांकि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। अधिकारियों के अनुसार पत्नी के बयान और कॉल रिकॉर्ड्स के आधार पर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। जसबीर सिंह पिछले दो वर्षों से पुलिस लाइन में तैनात थे और वर्तमान में उनकी ड्यूटी ट्रैफिक शाखा में चल रही थी। वे मूल रूप से सोनीपत जिले के गांव सिटावली के निवासी थे। करीब एक वर्ष पहले उन्होंने बेटी की शादी की थी। उनका बेटा फिलहाल विदेश में रहकर पढ़ाई कर रहा है। पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है।


