एस.एम.एस. मैमोरियल पब्लिक स्कूल मे पृथ्वी को सुरक्षित कैसे रखें विषय पर हुई प्रश्नोतरी
प्रतियोगिताओं मे हिस्सा लेकर बच्चों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
तरावड़ी, 23 अप्रैल (रोहित लामसर)।
एस.एम.एस. मैमोरियल पब्लिक स्कूल तरावड़ी में विश्व पृथ्वी दिवस पर कार्यक्रम हुआ। जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक बनाना था। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः विशेष प्रार्थना सभा से हुआ। सभा में विद्यार्थियों ने कविताओं, भाषणों और लघु प्रस्तुतियों के माध्यम से पृथ्वी के महत्व को दर्शाया और धरती बचाओ, भविष्य बचाओ का संदेश दिया। छात्र छात्राओं द्वारा पेंटिंग ,स्लोगन राइटिंग आदि प्रस्तुतियों ने सभी को पर्यावरण के प्रति सोचने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय की शिक्षिका बीना ने बताया कि पृथ्वी हमारी सबसे मूल्यवान धरोहर है और इसकी रक्षा करना हम सभी का कर्तव्य है।
उन्होंने बच्चों को दैनिक जीवन में छोटे-छोटे कदम उठाने जैसे पेड़ लगाना, जल की बचत करना और स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय में पृथ्वी को सुरक्षित कैसे रखें विषय पर प्रश्नोतरी भी करवाई गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने रचनात्मक विचारों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रस्तुत किया। विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. विभा कौशिक ने कहा कि पृथ्वी दिवस केवल एक दिन तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि हमें प्रतिदिन पर्यावरण की रक्षा के लिए कार्य करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि प्रत्येक छात्र अपने घर में कम से कम 3 से 4 पौधे अवश्य लगाए और प्लास्टिक के स्थान पर स्टील की बोतल और टिफ़िन का उपयोग करें। साथ ही उन्होंने जल संरक्षण, कागज के उचित उपयोग और स्वच्छता के महत्व पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया, पौधों को पानी दिया तथा स्वच्छता अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण का सुंदर संदेश दिया।अंत में सभी ने मिलकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया और इसी के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
Add A Comment


