बढ़ती डिमांड से तेवर दिखा रहा नींबू : तरावड़ी शहर की सब्जी मंडी में 250-280 रुपये किलो तक उछले रेट
तरावड़ी, 22 अप्रैल (रोहित लामसर)।
तपती गर्मी की शुरुआत होते ही राहत देने वाला नींबू अब लोगों की जेब पर भारी पड़ने लगा है। जिस नींबू पानी से लोग तपती धूप में सुकून पाते हैं, वही अब महंगाई का तड़का लगाकर आम आदमी का बजट बिगाड़ रहा है। तरावड़ी शहर की सब्जी मंडी में इन दिनों नींबू के दाम 250 से 280 रुपये प्रति किलो तक पहुंच चुके हैं, जिससे हर घर की रसोई और ठेले वालों की कमाई पर असर साफ नजर आ रहा है।
गर्मी के मौसम में नींबू पानी, शिकंजी, सलाद और लगभग हर खाने में नींबू की मांग बढ़ जाती है। सुबह से लेकर शाम तक लोग नींबू का इस्तेमाल ठंडक पाने और स्वाद बढ़ाने के लिए करते हैं। लेकिन इस बार बढ़ती डिमांड के साथ सप्लाई कम होने से कीमतों में जबरदस्त उछाल आया है। व्यापारियों के अनुसार, इस बार मंडियों में नींबू की आवक कम है, जबकि गर्मी की वजह से मांग अचानक बढ़ गई है। यही कारण है कि कुछ ही दिनों में नींबू के दाम दोगुने से भी ज्यादा हो गए हैं।
बाहर से आने वाली सप्लाई भी सीमित है, जिससे बाजार में संतुलन बिगड़ गया है। महंगे नींबू ने सबसे ज्यादा असर छोटे दुकानदारों और रेहड़ी वालों पर डाला है। शिकंजी बेचने वालों का कहना है कि या तो दाम बढ़ाने पड़ रहे हैं या फिर मुनाफा कम करना पड़ रहा है। वहीं, घरों में भी लोग अब सोच-समझकर नींबू का इस्तेमाल कर रहे हैं। बाजार के जानकारों का मानना है कि अगर सप्लाई में सुधार नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में नींबू के दाम और बढ़ सकते हैं। ऐसे में गर्मी के इस सीजन में राहत देने वाला नींबू लोगों के लिए महंगा सौदा बनता जा रहा है। कुल मिलाकर, इस बार गर्मी सिर्फ तापमान ही नहीं, बल्कि महंगाई के पारे को भी ऊपर ले गई है और नींबू इसका सबसे बड़ा उदाहरण बनकर सामने आया है।


