किसानों ने बरसाती पानी की निकासी करवाने को लेकर सीएम एमिनेंट पर्सन अमित सैनी से लगाई गुहार
अमित सैनी ने आश्वासन दिया कि पानी की निकासी के उचित प्रबंध को लेकर मुख्यमंत्री नायब सैनी के समक्ष रखेंगे
बाबैन,/ 9 जून /सुरेश अरोड़ा
गांव रामसरन माजरा में बरसाती पानी की निकासी को लेकर किसानों ने खाड़ की खस्ता हालत की समस्या उठाई। इस मौके पर सीएम एमिनेंट पर्सन अमित सैनी पोकी ने पहुंचकर किसानों की समस्या सुनी और पानी की निकासी को लेकर खाड़ का निरीक्षण किया।
अमित सैनी ने कहा कि गांव रामसरन माजरा के पास से एक खाड़ गुजरती है, जिसमें बरसात के दिनों में गांव रामसरन माजरा सहित आसपास के कई गांवों का बरसाती पानी आता है। कई बार भारी बारिश के दौरान पानी का स्तर इतना अधिक बढ़ जाता है कि खाड़ ओवरफ्लो हो जाती है और पानी गांव रामसरन माजरा सहित आसपास के दर्जनों गांवों के खेतों में घुस जाता है।
उन्होंने कहा कि बरसाती पानी की उचित निकासी नहीं होने से किसानों की फसलें खराब होने का खतरा बना रहता है। इसलिए खाड़ की साफ-सफाई और पानी की निकासी व्यवस्था दुरुस्त होना बेहद जरूरी है। किसानों ने बताया कि बाबैन अनाज मंडी के पास से पानी की निकासी बंद कर दी गई है, जिसे दोबारा शुरू करना आवश्यक है ताकि बरसाती पानी की निकासी हो सके।
अमित सैनी ने किसानों को आश्वासन दिया कि वह इस समस्या को लेकर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के समक्ष रखेंगे, ताकि बरसाती पानी की निकासी का स्थायी समाधान हो सके और किसानों की फसलें बर्बाद होने से बचाई जा सकें। इस मौके पर सरपंच प्रतिनिधि ओम प्रकाश सैनी, वैभव शर्मा, रिंकू सैनी, गुलशन सैनी, नरेश सैनी, प्रवीण सैनी, जसविन्द्र सैनी, कृष्ण लाल, शुभम, रिंकू, रोशन लाल, नरेश कुमार, धर्मपाल, पवन कुमार सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
Add A Comment


